BIG NEWS : अमेरिका-ईरान में जंग की आहट! US एंबेसी ने नागरिकों से कहा – तुरंत तेहरान छोड़ें
US Iran Conflict : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। हालात बिगड़ते देख अमेरिकी दूतावास ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए सख़्त एडवाइजरी जारी करते हुए तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है।
अमेरिकी एंबेसी की ओर से आज शुक्रवार (6 फरवरी) को जारी चेतावनी में कहा गया है कि ईरान में सुरक्षा हालात तेजी से खराब हो रहे हैं। कई इलाकों में सड़कों को ब्लॉक किया जा रहा है, जबकि हवाई सेवाएं भी सीमित होने की कगार पर हैं। इस बीच दोनों देशों के बीच युद्ध की आशंका गहराती दिख रही है। (US Iran Conflict)
सड़क, हवा या समुद्र—किसी भी रास्ते से निकलें बाहर
एडवाइजरी में अमेरिकी नागरिकों से कहा गया है कि वे सड़क, हवाई या जलमार्ग—किसी भी संभव साधन का उपयोग कर ईरान को जल्द से जल्द खाली करें। दूतावास ने यह भी चेताया कि दुनियाभर की एयरलाइंस ईरान आने-जाने वाली उड़ानों में कटौती कर रही हैं और कई फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं।
अमेरिकी मदद की उम्मीद न रखें
सबसे अहम चेतावनी यह है कि एंबेसी ने साफ कहा है कि नागरिक अमेरिकी सरकार की सहायता की उम्मीद न करें और अपने स्तर पर ही तुरंत ईरान से बाहर निकलें।
परमाणु कार्यक्रम पर ओमान में होगी अहम वार्ता
तनाव के बीच यह भी अहम है कि अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को ओमान में परमाणु वार्ता होने वाली है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम कूटनीतिक समाधान पर काम कर रही है, जिसका मुख्य एजेंडा ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पूर्ण रोक लगाना है।
वार्ता में कौन होगा शामिल
ईरान के विदेश मंत्री गुरुवार देर रात ओमान पहुंच चुके हैं, जबकि अमेरिका की ओर से विशेष दूत स्टीव विटकॉफ बातचीत में हिस्सा लेंगे। प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लीविट ने बताया कि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे। (US Iran Conflict)




