रायपुर में साल 2023 में 63 लोगों की हुई हत्या, 214 के साथ दुष्कर्म की वारदात

Crime Graph of Raipur: छत्तीसगढ़ में लगातार हत्या और दुष्कर्म जैसे मामले सामने आ रहे हैं। इधर, राजधानी में रायपुर पुलिस ने क्राइम का ग्राफ घटने का दावा किया है। पुलिस का दावा है कि पिछले साल की तुलना में अपराध में 9.08 प्रतिशत की कमी आई है। रायपुर में साल 2023 में 9692 अपराध दर्ज हुए हैं। इनमें 63 हत्या और 214 दुष्कर्म के मामले हैं। जबकि 2022 में 10 हजार 880 दर्ज हुए थे, जो कि इस बार की अपेक्षा 988 ज्यादा हैं। दरअसल, रायपुर पुलिस की ओर से सालभर का आपराधिक आंकड़ा जारी किया गया। इसके मुताबिक हत्या के प्रयास में 90, लूट के 87, डकैती का एक, यौन उत्पीड़न के 40, आगजनी के 34 और बलवा के 116 प्रकरण दर्ज हुए हैं। हालांकि पेंडिंग केसों की संख्या भी बढ़ी है।

यह भी पढ़ें:- अरविंद केजरीवाल को ED आज कर सकती है गिरफ्तार! घर पर सुरक्षा बढ़ाई गई

रायपुर पुलिस के मुताबिक जिले में साल 2023 में धोखाधड़ी के 342 प्रकरण दर्ज हुए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ये साइबर ठगी, जमीन और नौकरी लगाने के मामले में हैं। इनमें से 106 प्रकरण पुलिस ने सुलझाए हैं। वहीं 236 मामले अभी पेंडिंग में पड़े हुए हैं। साल 2023 में अपराध का ग्राफ कम हुआ है, लेकिन अपहरण, बलवा, धोखाधड़ी, आगजनी, यौन उत्पीड़न जैसे मामले बढ़े हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अपहरण में 5.48, बलवा में 20.83, धोखाधड़ी में 46.34, आगजनी 13.33 और यौन उत्पीड़न 2.56 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। साल 2023 में 2022 की तुलना अपराध तो कम हुआ है, लेकिन केस सॉल्व करने में अफसर साल भर परेशान रहे। अभी भी कई मामलों में जांच जारी है। आंकड़ों के मुताबिक साल 2023 में हुए 2636 मामले अभी भी पेडिंग पड़े हुए हैं। (Crime Graph of Raipur)

आर्म्स एक्ट के मामलों में 14 फीसदी का इजाफा

अफसर इन प्रकरणों का जल्द से जल्द सॉल्व करने का दावा कर रहे हैं। साल 2023 में आर्म्स एक्ट के मामलों में 14 फीसदी का इजाफा हुआ है। 883 प्रकरणों में 891 आरोपियों से 911 हथियार बरामद किए गए। इनमें 853 चाकू, 19 तलवार, चार रिवाल्वर, सात देशी कट्‌टा, चार गुप्ती, 21 कारतूस, दो गंडासा और एक 315 बोर की राइफल शामिल है। 2022 में आर्म्स एक्ट के 754 प्रकरणों में 764 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। 2022 की तुलना में 2023 में जुआ एक्ट के मामलों का ग्राफ गिरा है। 2023 में सट्टा के 413 प्रकरणों में 478 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन आरोपियों से 24 लाख 22 हजार 221 रुपए जब्त किए गए। 2022 में 423 प्रकरणों में 495 सटोरियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी तरह से आबकारी एक्ट के तहत 4423 प्रकरणों में 4496 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। जबकि 2022 में 3249 प्रकरणों में 3284 पर कार्रवाई हुई थी। (Crime Graph of Raipur)

हर साल आपराधिक आंकड़ा जारी करती है पुलिस

वहीं जुआ के 164 प्रकरणों में 694 पर कार्रवाई हुई, जो कि 2022 से 60 प्रतिशत कम है। 2023 में नारकोटिक्स के 213 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 303 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों से 1 करोड़ 76 लाख 40 हजार 376 रुपए की नशीली सामग्री जब्त की है। जब्त की गई सामानों में गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर, हेरोइन, चरस, एमडीएमए, नशीली टैबलेट, सिरप, मैजिक मशरुम और डोडा शामिल है। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन पर 30 दिसंबर तक 1 लाख 8 हजार 226 प्रकरणों में कुल 8 करोड़ 64 लाख 8 हजार 950 रुपए समन शुल्क वसूला गया है। वहीं 2022 में 88 हजार 183 प्रकरणों में 4 करोड़ 77 लाख 70 हजार 400 रुपए समन शुल्क नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से वसूला था। बता दें कि पुलिस हर साल आपराधिक आंकड़ा जारी करती है। (Crime Graph of Raipur)

Related Articles

Back to top button