पूर्व CM के बेटे को राहत नहीं, कोर्ट ने चैतन्य बघेल की जमानत याचिका की खारिज

Chaitanya Baghel Bail Plea: छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को कोर्ट से फिर झटका लगा है। दरअसल, रायपुर की ACB-EOW की विशेष कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके साथ कोल लेवी घोटाले के आरोपी जयचंद कोसले की जमानत याचिका भी नामंजूर कर दी है। इससे पहले सोमवार को चैतन्य बघेल को रायपुर स्थित ACB-EOW की विशेष कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 13 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जांच एजेंसी को 90 दिनों में जांच पूरी करनी है। इसी कड़ी में EOW ने चैतन्य बघेल से 14 दिन की कस्टोडियल रिमांड में पूछताछ की थी। चैतन्य बघेल 18 जुलाई 2025 से जेल में बंद हैं। वहीं अवैध कोल लेवी वसूली मामले में EOW ने आरोपी देवेंद्र डडसेना और नवनीत तिवारी के खिलाफ करीब 1,500 पन्नों का चालान रायपुर की विशेष कोर्ट में दाखिल किया है। दोनों आरोपी इस समय रायपुर केंद्रीय जेल में बंद हैं। इससे पहले भी इसी मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। (Chaitanya Baghel Bail Plea)
EOW के वकील सौरभ पांडेय ने दी जानकारी
EOW के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि बुधवार को कोर्ट में स्कैम से जुड़े दो मामलों पर सुनवाई हुई। पहला कोल स्कैम और दूसरा शराब घोटाला। नवनीत तिवारी के खिलाफ जांच पूरी होने के बाद 519 पन्नों का चालान दाखिल किया गया है। EOW के वकील ने बताया कि आरोपी जयचंद कोसले, जो नगर निगम में सामान्य कर्मचारी था, उसे सौम्या चौरसिया ने निज सचिव की तरह काम पर लगाया था। कोल घोटाले के पैसों की हेरा-फेरी में जयचंद की भूमिका अहम बताई गई है। वह कथित रूप से चौरसिया और अन्य आरोपियों की मदद करता था। इसी मामले में जयचंद कोसले की जमानत याचिका भी कोर्ट ने निरस्त कर दी है। (Chaitanya Baghel Bail Plea)
शराब घोटाले में चैतन्य बघेल पर गंभीर आरोप
शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चैतन्य बघेल को आरोपी बनाया है। ED के मुताबिक शराब घोटाले से प्राप्त कुल राशि में से 16.70 करोड़ रुपए चैतन्य बघेल के हिस्से में आए। इस अवैध धन को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश कर कानूनी रूप देने की कोशिश की गई। जांच में सामने आया कि चैतन्य बघेल ने फर्जी निवेश रिकॉर्ड तैयार कर ब्लैक मनी को सफेद दिखाने का प्रयास किया। ED का दावा है कि चैतन्य बघेल ने सिंडिकेट के सहयोग से करीब 1000 करोड़ रुपए की धनराशि की हेराफेरी में भूमिका निभाई।
विट्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट में अवैध निवेश
ED की जांच में यह भी पता चला कि विट्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट (बघेल डेवलपर्स) में शराब घोटाले की धनराशि निवेश की गई थी। छापेमारी के दौरान प्रोजेक्ट से जुड़े अकाउंटेंट्स के ठिकानों से महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए गए। प्रोजेक्ट के कंसल्टेंट राजेन्द्र जैन के अनुसार, प्रोजेक्ट का वास्तविक खर्च 13-15 करोड़ रुपए था, लेकिन रिकॉर्ड में सिर्फ 7.14 करोड़ रुपए दिखाए गए। ED को डिजिटल उपकरणों से यह भी जानकारी मिली कि बघेल की कंपनी ने एक ठेकेदार को 4.2 करोड़ रुपए कैश में भुगतान किया, जिसे आधिकारिक रिकॉर्ड में नहीं दर्शाया गया था। (Chaitanya Baghel Bail Plea)
ब्लैक मनी का जिक्र
ED के मुताबिक त्रिलोक सिंह ढिल्लो ने बघेल डेवलपर्स से 19 फ्लैट खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। इन फ्लैट्स को ढिल्लो ने अपने कर्मचारियों के नाम पर खरीदा, लेकिन भुगतान स्वयं किया। पूरी डील 19 अक्टूबर 2020 को हुई थी। ED का कहना है कि यह लेन-देन पूर्व योजना के तहत ब्लैक मनी को कानूनी रूप देने के लिए किया गया था। ED ने जांच में पाया कि भिलाई के एक ज्वेलर्स ने चैतन्य बघेल को 5 करोड़ रुपए उधार दिए, लेकिन यह राशि वास्तव में शराब घोटाले की रकम थी। बाद में उसी ज्वेलर्स ने बघेल की कंपनी से 6 प्लॉट 80 लाख में खरीदे। ED का कहना है कि यह भी मनी लॉन्ड्रिंग का हिस्सा था, ताकि नकद धन को बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए वैध दिखाया जा सके।
बचाव पक्ष का आरोप
चैतन्य बघेल के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में कहा कि उनके मुवक्किल को पप्पू बंसल के बयान के आधार पर गिरफ्तार किया गया, जो कानूनी रूप से गलत है। रिजवी ने आरोप लगाया कि बंसल के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट होने के बावजूद वह बाहर घूम रहे हैं और उनका बयान राजनीतिक दबाव में लिया गया है। रिजवी ने कहा कि 2022 से जांच जारी है, लेकिन अब तक चैतन्य बघेल को एक भी समन नहीं भेजा गया। मार्च में हुई रेड के दौरान सभी डिजिटल डिवाइस जब्त कर लिए गए थे और जो भी दस्तावेज मांगे गए, वे सौंप दिए गए। फिर भी चैतन्य बघेल को बिना बयान दर्ज किए गिरफ्तार किया गया। वकील ने कहा कि कानून को ताक पर रखकर चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी की गई है। उनका अपराध सिर्फ यह है कि वे पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे हैं। फिलहाल EOW और ED दोनों एजेंसियां इस मामले में जांच कर रही हैं। कोर्ट ने अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को तय की है, जब न्यायिक रिमांड की अवधि पूरी होगी।



