नक्सलवाद का खात्मा जल्द !, लगातार हथियार छोड़ रहे नक्सली, एक दिन में 189 नक्सलियों ने किया सरेंडर

189 Naxalites Surrendered: छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में नक्सलियों के सरेंडर का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच 15 अक्टूबर को कांकेर, सुकमा, कोंडागांव और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 189 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें कई शीर्ष नक्सली कमांडर और करोड़ों के इनामी शामिल हैं। कांकेर जिले के कामतेड़ा BSF कैंप में करीब 100 नक्सलियों ने हथियार डाल दिए, जिनमें शीर्ष नक्सली लीडर राजू सलाम, कमांडर प्रसाद और मीना जैसे नाम शामिल हैं। सभी नक्सलियों को बसों के जरिए कैंप तक लाया गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप का बड़ा दावा: भारत नहीं खरीदेगा रूस से तेल, बोले – पीएम मोदी ने दिया है आश्वासन
जानकारी के मुताबिक राजू सलाम डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) और कंपनी नंबर 5 का कमांडर था। वह रावघाट एरिया में सक्रिय था और बीते 20 सालों में कांकेर की कई बड़ी नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड माना जाता है। इस सामूहिक सरेंडर को क्षेत्र में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। सरेंडर करने वालों में SZCM–2, RCM–1, DVCM–5, ACM–21 और PM–21 नक्सली शामिल हैं। नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के दौरान भारी मात्रा में हथियार भी जमा किए हैं, जिसमें AK-47 (07), SLR (02), INSAS (04), INSAS LMG (01), स्टेन गन (01) समेत कुल 39 हथियार शामिल हैं। (189 Naxalites Surrendered)
तीन साल पहले इसी कैंप पर हुआ था हमला
जानकारी के मुताबिक बस्तर IG पी. सुंदरराज और कांकेर एसपी इंद्रा कल्याण ऐलिसेला ने सीधे नक्सलियों से संवाद किया। इतनी बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण से कांकेर जिला नक्सलमुक्त होने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, क्योंकि अब माड़ डिवीजन और उत्तर बस्तर कांकेर डिवीजन लगभग समाप्ति की कगार पर है। तीन साल पहले यही कामतेड़ा कैंप नक्सली हमले का गवाह रहा था, जब नक्सलियों ने बीजीएल दागे थे, लेकिन इसी कैंप में उन्हें सुरक्षा दी जा रही है और पुनर्वास की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर आत्मसमर्पण से यह संकेत मिलता है कि कांकेर जिला अब नक्सलमुक्ति की ओर बढ़ रहा है।

वहीं 6 करोड़ के इनामी और पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति उर्फ मोजुल्ला वेणुगोपाल राव ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में अपने 60 साथियों के साथ सरेंडर किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने सभी ने आधिकारिक रूप से हथियार सौंपे। भूपति 1980 के दशक से नक्सली संगठन से जुड़ा था और छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में मोस्ट वांटेड नक्सली के रूप में सूचीबद्ध था। छत्तीसगढ़ सरकार ने उस पर 1.5 करोड़ रुपए, जबकि दूसरे राज्यों को मिलाकर 6 करोड़ रुपए से ज्यादा का इनाम घोषित किया था।

इधर, सुकमा जिले में कुल 27 सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। इनमें 10 महिला और 17 पुरुष शामिल हैं, जिनमें एक सीएनएम सदस्य, एक पार्टी सदस्य और 11 संगठन के सदस्य हैं। इन नक्सलियों पर कुल मिलाकर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसमें एक पर 10 लाख, तीन पर 8-8 लाख, एक पर 3 लाख, दो पर 2-2 लाख और 9 पर 1-1 लाख रुपए का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले दो हार्डकोर श्रेणी के माने जाते हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी माओवादी राज्य सरकार की पुनर्वास नीति और नियत नेल्ला नार योजना से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं।

सुकमा SP किरण चव्हाण ने बताया कि इस कार्रवाई में जिला पुलिस बल, डीआरजी, विजाशा सुकमा, सीआरपीएफ और कोबरा 203 बटालियन की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि सभी नक्सलियों को शासन की पुनर्वास योजना के तहत आर्थिक सहायता और सामाजिक पुनर्वास का लाभ दिया जाएगा। इस बीच कोंडागांव में पूर्वी बस्तर डिवीजन की टेलर टीम कमांडर महिला नक्सली गीता उर्फ कमली सलाम पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया है। गीता पर 5 लाख का इनाम घोषित था। (189 Naxalites Surrendered)
नक्सली प्रवक्ता रूपेश भी कर सकता है सरेंडर
इस बीच सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नक्सल प्रवक्ता रूपेश जल्द ही आत्मसमर्पण कर सकता है। बताया जा रहा है कि वह 40 से ज्यादा नक्सलियों के साथ शांति की राह पर आगे बढ़ने की तैयारी में है। रूपेश पहले भी कई पत्रों के माध्यम से हथियार छोड़ने और वार्ता की इच्छा जाहिर कर चुका है। बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी ने बताया कि बीते 20 महीनों में 1,876 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ लेकर ये नक्सली अब समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं। (189 Naxalites Surrendered)
सरकार की पुनर्वास योजना का असर
IG ने कहा कि हमें विश्वास है कि आने वाले समय में और भी नक्सली इस सकारात्मक रास्ते को अपनाएंगे। सरेंडर नक्सलियों ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति 2025 और नियद नेल्ला नार योजना से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। सुरक्षाबलों के बढ़ते दबाव और संगठन की अमानवीय विचारधारा से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। सरकार की ओर से आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और पुनर्वास सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।



