Nashik Train Accident : नासिक रेलवे स्टेशन पर दिवाली-छठ की भीड़ में हादसा, ट्रेन से कटकर दो की मौत
चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश में गई जानें, त्योहारों के बीच फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
Nashik Train Accident : महाराष्ट्र के नासिक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर शाम दर्दनाक हादसा हुआ। दिवाली और छठ पर घर लौटने की जल्दबाजी में तीन यात्री चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़े :- 210 माओवादियों ने छोड़ी हिंसा की राह, ‘पूना मारगेम’ से जुड़कर रचा इतिहास – गृह मंत्री विजय शर्मा
जानकारी के मुताबिक, मुंबई से बिहार जाने वाली कर्मभूमि एक्सप्रेस नासिक स्टेशन पर नहीं रुकती है, लेकिन यहां ट्रेन की रफ्तार धीमी थी। इसी दौरान तीन यात्रियों ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की और फिसलकर नीचे गिर पड़े। इससे दो की मौके पर मौत हो गई और एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे और स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि तीनों यात्री बिहार जाने वाले प्रवासी मजदूर थे, जो दिवाली और छठ मनाने घर लौट रहे थे।
त्योहारों में यात्रियों की भीड़ से बढ़ा जोखिम
त्योहारी सीजन में मुंबई, पुणे, नासिक जैसे शहरों से उत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कई यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
नई दिल्ली, नासिक, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और भुसावल जैसे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ है। कई जगह प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की भी जगह नहीं बची है। (Nashik Train Accident)
यह हादसा एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि रेलवे को ऐसे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने और यात्रियों को जागरूक करने की ज़रूरत है, जहां ट्रेनें नहीं रुकतीं लेकिन भीड़ सबसे अधिक होती है। (Nashik Train Accident)



