देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह आज : श्रद्धा और आस्था के साथ करें पूजन
रायपुर। कार्तिक शुक्ल एकादशी, जिसे देवउठनी या देवोत्थान एकादशी (Dev Uthani Ekadashi) भी कहा जाता है, आज श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई जा रही है। इस पावन अवसर पर भगवान विष्णु और माता तुलसी का पूजन किया जाएगा तथा तुलसी–शालिग्राम विवाह के धार्मिक आयोजन होंगे। इसी दिन से चार महीने तक बंद रहे विवाह और मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है।
यह भी पढ़े :- सुप्रीम कोर्ट ने चैतन्य बघेल को लेकर ED को जारी किया नोटिस, 10 दिन में काउंटर एफिडेविट दाखिल करने का आदेश
पर्व की तिथि को लेकर इस वर्ष ज्योतिषाचार्यों में मतभेद देखने को मिल रहा है। कुछ विद्वानों का कहना है कि देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह आज, शनिवार 1 नवंबर को ही मनाया जाना चाहिए, जबकि कुछ अन्य आचार्य इसे रविवार 2 नवंबर को मानने योग्य बता रहे हैं।
रविवार को तुलसी स्पर्श वर्जित : पं. यशस्वी योगेन्द्र शर्मा
प्रख्यात ज्योतिषाचार्य पं. यशस्वी योगेन्द्र शर्मा ने बताया कि देवउठनी एकादशी (Dev Uthani Ekadashi) शनिवार को ही मनाई जानी चाहिए, क्योंकि रविवार को तुलसी का स्पर्श शास्त्रों में वर्जित बताया गया है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख पंचांगों में एकादशी तिथि शनिवार को ही दर्शाई गई है।
द्वादशीयुक्त एकादशी ही मान्य: अन्य धर्माचार्य
वहीं कुछ धर्मशास्त्रियों का मत है कि शनिवार की एकादशी दशमीयुक्त है, जबकि शास्त्रों में द्वादशीयुक्त एकादशी को ही मान्यता प्राप्त है। इसलिए देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह पर्व रविवार, 2 नवंबर को भी मनाया जा सकता है।
देवउठनी एकादशी का महात्म्य
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान विष्णु ने शंखासुर नामक राक्षस का वध करने के बाद क्षीरसागर में योगनिद्रा ली थी, तब वे चार माह बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन जागे। यही दिन देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहलाया। इस दिन से विवाह, उपनयन, गृहप्रवेश आदि शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। इस अवसर पर उपवास और भगवान विष्णु–लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।
शहर में धार्मिक आयोजन
- देवउठनी एकादशी के अवसर पर शहरभर में धार्मिक आयोजन होंगे। गायत्री शक्तिपीठ, समता कॉलोनी में आज गोधूलि बेला में तुलसी पूजन और विवाह का आयोजन किया जाएगा।
- श्रीजगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम, बोरियाकला में शाम 6 बजे से आचार्य धर्मेंद्र महाराज के सानिध्य में भव्य तुलसी विवाहोत्सव होगा। कार्यक्रम में डॉ. स्वामी इंदुभवानंद महाराज उपस्थित रहेंगे। श्रद्धालुओं की भारी संख्या में भागीदारी की संभावना है।
यह देवउठनी एकादशी (Dev Uthani Ekadashi ) भक्तिभाव, परंपरा और पुनः आरंभ का प्रतीक पर्व है, जब देवता पुनः जाग्रत होकर मानव जीवन में शुभता का संचार करते हैं।



