Google Analytics —— Meta Pixel

सीमेंट फैक्ट्री में जिंदा जले 3 मजदूर, 1100 डिग्री तापमान में झुलसने से गई जान

Cement Factory Accident: राजस्थान के ब्यावर जिले के रास थाना क्षेत्र में स्थित अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ है, जहां बॉयलर फटने के बाद ऊपर से 1100 डिग्री सेल्सियस पर उबलता हुआ मटेरियल नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। हादसे में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के रहने वाले तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान अजय कुमार (21), पप्पू कुमार (25) और गोविंद मौर्या (22) के रूप में हुई है। तीनों मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के रहने वाले थे, जो आर.के. रि-फैक्ट्री कंपनी के तहत काम करते थे। इनमें से अजय और गोविंद घटना वाले दिन पहली बार फैक्ट्री में काम करने पहुंचे थे। जबकि पप्पू पिछले एक महीने से काम कर रहा था।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बड़ा धमाका, 15 लोगों की मौत, कई घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बॉयलर में तेज धमाका हुआ। उसी दौरान पीएच सेक्शन से लौट रहे मजदूरों पर ऊपर से तेज उबलता हुआ मटेरियल गिर पड़ा। तापमान इतना ज्यादा था कि मजदूर 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए। फैक्ट्री परिसर में हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में काम करने वाले मृतकों के परिजन शव तत्काल सौंपने की मांग पर अड़े रहे। इस बीच फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से औपचारिकता पूरी करने में देरी किए जाने पर नाराजगी बढ़ गई। (Cement Factory Accident)

पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरुआत में रास पुलिस सक्रिय नहीं दिखी। बाद में ASI रोहिताश फैक्ट्री पहुंचे और सुपरवाइजर प्रदीप से लिखित तहरीर लेकर मामला दर्ज किया गया। देश के अलग-अलग राज्यों में फैक्ट्री से जुड़े हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। 26 अक्टूबर 2025 को तमिलनाडु के मेट्टूर में SIDCO इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित केमिकल-फर्टिलाइजर फैक्ट्री में बॉयलर ब्लास्ट हुआ था, जिसमें बिहार के दो मजदूर राकेश राम और श्रवण पासवान गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा मानकों पर सवाल उठे थे। 30 जून 2025 को तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की सिगाची इंडस्ट्रीज में स्प्रे-ड्रायर यूनिट में जबरदस्त विस्फोट हुआ था, जिसमें 46 लोगों की मौत हुई थी। जबकि कई मजदूर बुरी तरह झुलस गए थे। सरकार ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की थी। (Cement Factory Accident)

गुजरात में 21 लोगों की हुई थी मौत

1 अप्रैल 2025 को गुजरात के डीसा के फैक्ट्री में एल्यूमीनियम पाउडर के अत्यधिक रिएक्शन से एक फायरवर्क-संबंधित यूनिट में विस्फोट हुआ। हादसे में 21 लोगों की मौत और कई घायल हुए थे। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। 20 मार्च 2025 को UP के फर्रूखाबाद में स्थानीय टायर निर्माण फैक्ट्री में आग लगने से चार मजदूर झुलस गए थे। दमकल विभाग ने करीब डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया था। 12 फरवरी 2025 के पंजाब के लुधियाना में डेयरी प्लांट के एक सेक्शन में ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई और पांच घायल हुए थे। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी प्रमुख कारण बताई गई।

Back to top button
error: Content is protected !!