Google Analytics —— Meta Pixel

“मोर दाई, मोर पेड़” अभियान: हरियाली दीदी की प्रेरणा से छत पर लगा आम का पौधा, पर्यावरण संरक्षण और मातृ-स्मृति का अनोखा संगम

Mor Dai Mor Ped: पर्यावरण संरक्षण और मातृ-स्मृति को समर्पित “मोर दाई, मोर पेड़” जन जागरूकता अभियान के तहत टाटीबंध निवासी राधेश्याम साहू (पूर्व कार्यपालन यंत्री, विद्युत विभाग) के निज निवास में उनकी पत्नी प्रेमलता साहू ने अपनी माता के नाम पर घर की छत में आम का पौधा रोपित किया। यह पहल हरियाली दीदी के नाम से प्रसिद्ध पुष्पा साहू की ओर से संचालित अभियान का प्रेरक उदाहरण बनी। प्रेमलता साहू ने बताया कि हरियाली दीदी की ओर से चलाए जा रहे अभियान की जानकारी मिलने पर उन्हें अपनी मां की याद में एक फलदार पौधा लगाने का विचार आया।

यह भी पढ़ें:- साई की शताब्दी: अटल नगर में सत्य साई बाबा की 100वीं जयंती श्रद्धा और दिव्यता के साथ संपन्न

उन्होंने कहा कि जैसे हम अपनी मां को प्रेम से अपने पास रखते हैं, वैसे ही उनके नाम लगाया पौधा भी हमारे घर में सुरक्षित रहना चाहिए। इसी सोच के साथ मैंने अपनी मां के पसंदीदा फल आम का पौधा अपने ही घर की छत पर लगाया है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि शहरों और कस्बों में रहने वाले लोग, जिनके पास जमीन की कमी है, वे अपनी मां की स्मृति में छत या बालकनी में फलदार पौधा लगाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने में योगदान दें। (Mor Dai Mor Ped)

पुष्पा साहू की उत्साहजनक प्रतिक्रिया

अभियान की प्रेरणादायी हस्ती हरियाली दीदी, पुष्पा साहू ने कहा कि प्रेमलता साहू पौधों और सब्जियों की छत पर बेहतरीन खेती करती हैं। आज उन्होंने अपनी मां की याद में आम का पौधा रोपित किया है, यह अत्यंत प्रेरणादायक है। मैं आशा करती हूं कि उनके परिवार, पड़ोस और समाज के लोग भी इसी तरह अपने प्रियजनों की याद में फलदार पौधे अवश्य लगाएंगे। (Mor Dai Mor Ped)

राधेश्याम साहू की सालों से चल रही पर्यावरण सेवा

इस अवसर पर राधेश्याम साहू ने बताया कि वे हजारों पौधे लगा चुके हैं और अपने गांव रीवा लखोली में हर साल अपने पिता हीरामन गोटिया की स्मृति में हीरामन गोटिया पर्यावरण मित्र मंडल के माध्यम से पेड़ लगाने का अभियान चलाते हैं। वे पीपल, सागौन, नीम जैसे पौधे गांव के तालाब पार क्षेत्र में रोपित करते हैं, जिसमें ग्रामीणों का निरंतर सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि मैं भी अपनी मां की याद में घर में फलदार पौधा लगाऊंगा और इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करता रहूंगा।

अभियान का संदेश

“मोर दाई, मोर पेड़” सिर्फ एक पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि मातृ-स्मृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संदेश है। इस पहल के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपनी मां के सम्मान में एक फलदार पौधा अवश्य लगाएं और उसे परिवार के एक सदस्य की तरह स्नेह और देखभाल दें। (Mor Dai Mor Ped)

Back to top button
error: Content is protected !!