T-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने की जीत से शुरुआत, अमेरिकी टीम को 29 रन से हराया, 12 फरवरी को नामीबिया से दूसरा मुकाबला

India Vs US T20: T-20 वर्ल्ड कप में अपने पहले ही मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अमेरिका को 29 रन से हरा दिया। साथ ही शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम दबाव में लड़खड़ा गई और 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। अमेरिका की ओर से शुभम रंजने और शैडली वान शल्कविक अंत तक क्रीज पर डटे रहे, लेकिन टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सके। भारतीय गेंदबाजों के सामने अमेरिकी बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए।

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में बिना बायोमेट्रिक सत्यापन को लेकर बवाल, छात्रों ने जताया विरोध

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और शुरुआती 4 विकेट महज 46 रन पर गिर गए। मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभालते हुए 49 गेंदों पर शानदार 84 रन की पारी खेली। उनकी इस दमदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए। 162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम दबाव में नजर आई और पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी। USA की ओर से शुभम रंजने और संजय कृष्णमूर्ति ने 37-37 रन की पारियां खेली, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए।

भारत की जीत में गेंदबाजों का योगदान भी अहम रहा। मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर अमेरिका को लक्ष्य के करीब नहीं पहुंचने दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार 84 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ भारत ने साफ संकेत दे दिया है कि वह एक बार फिर T-20 वर्ल्ड कप में खिताब बचाने के इरादे से उतरा है। T-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अगला मैच 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। (India Vs US T20)

भारत का बड़ा मुकाबला 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में होगा। हालांकि पाकिस्तान ने 1 फरवरी को घोषणा की थी कि वह भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर उम्मीद जगी हुई है, क्योंकि सह-मेजबान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से इस हाई-वोल्टेज मैच पर दोबारा विचार करने की अपील की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका ने PCB को लिखा है कि भारत-पाक मैच नहीं होने से टूर्नामेंट की छवि को नुकसान पहुंचेगा और रेवेन्यू, टिकट बिक्री समेत हॉस्पिटैलिटी से होने वाली अतिरिक्त कमाई पर भी असर पड़ेगा। (India Vs US T20)

दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच से इनकार कर दिया था। जबकि यह मुकाबला ICC और ब्रॉडकास्टर्स के लिए सबसे बड़ा कमर्शियल इवेंट माना जाता है। पाकिस्तान-श्रीलंका के अच्छे संबंधों को देखते हुए PCB चीफ मोहसिन नकवी ने भरोसा दिलाया है कि वह इस मुद्दे पर सरकार से बात करेंगे और मीडिया में आई अपील खारिज होने की खबरों को गलत बताया है। नकवी के देश लौटने के बाद इस पर सोमवार तक फैसला होने की संभावना है, ऐसे में भारत-पाक मुकाबले को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। बता दें कि भारत पिछले T-20 वर्ल्ड कप (2024) का चैंपियन है और इस बार टीम अपना खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरी है। (India Vs US T20)

Back to top button
error: Content is protected !!