नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रहे मौजूद

Nitish Kumar File Nomination: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मौजूद रहे। एनडीए के सभी राज्यसभा उम्मीदवारों ने केंद्रीय गृहमंत्री की मौजूदगी में संयुक्त रूप से नामांकन प्रक्रिया पूरी की। इस मौके पर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्ति दिलाई। आज बिहार विकसित राज्य की श्रेणी में आने के लिए अग्रणी भूमिका में है। उनकी छवि बेदाग है। निश्चित रूप से हमारे पांचों प्रत्याशी जीतकर राज्यसभा जाएंगे।

यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और लद्दाख के LG ने दिया इस्तीफा, CM ममता बनर्जी ने उठाए सवाल

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नितिन नवीन लंबे समय तक राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राज्यसभा के माध्यम से संसद में योगदान देंगे। शाह ने कहा कि एनडीए और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति और संसद में स्वागत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे। 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा और बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया। (Nitish Kumar File Nomination)

शाह ने कहा कि उन्होंने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया। उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया। इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा। भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है। बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा। हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सूचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे, जिनका पालन उन्होंने भी किया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना योगदान किया। (Nitish Kumar File Nomination)

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि उनके नेतृत्व में ही PM मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची। 1974 के जयप्रकाश आंदोलन के वे प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक पूरा जीवन जे.पी. के सिद्धांतों पर बिताने का प्रयास किया। फिर से एक बार राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं। मैं और NDA के सभी साथी उनका स्वागत करते हैं। उनका जो कार्यकाल मुख्यमंत्री होने के नाते हैं, उसे बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे। मैं फिर से नितिन नवीन और नीतीश कुमार का राज्यसभा में आने पर स्वागत करता हूं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है। जनसेवा का आपका व्यापक अनुभव और नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और ज्यादा प्रभावी बनाएगी। आपकी उपस्थिति से NDA के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को और भी मजबूती मिलेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!