बलौदाबाजार तहसील कार्यालय में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से बड़ी खबर सामने आई है। आज शुक्रवार सुबह अचानक तहसील कार्यालय परिसर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग की ओर से लगी, जो धीरे-धीरे तहसीलदार कार्यालय की ओर फैलने लगी।
यह भी पढ़े :- चलती ट्रेन के वॉशरूम में मिली जज की पत्नी की लाश, स्टेशन पर इंतजार करता रह गया पति
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने सबसे पहले तहसील कार्यालय के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। साथ ही आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे जिले की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में आग लगी। आग की चपेट में आने से तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं।
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और सभी जरूरी दस्तावेजों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया। दमकल टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।



