PM मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से की बात, ईद की दी शुभकामनाएं, मिडिल ईस्ट तनाव पर भी चर्चा

Modi Talk Kuwait Crown Prince: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से बातचीत कर उन्हें आने वाले ईद के त्योहार की शुभकामनाएं दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट में तेजी से बदल रहे हालात और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर से चर्चा की। बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हुए हमलों की कड़ी निंदा दोहराई। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और बिना रुकावट के समुद्री आवाजाही सुनिश्चित करना भारत की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार कूटनीतिक बातचीत जरूरी है।
यह भी पढ़ें:- राज्यसभा में 59 सांसदों को दी गई विदाई, PM मोदी ने कहा- राजनीति में कोई विराम नहीं होता
प्रधानमंत्री ने कुवैत में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए कुवैत सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग के लिए क्राउन प्रिंस का धन्यवाद भी किया। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताई और क्षेत्रीय शांति के लिए मिलकर प्रयास करने पर जोर दिया। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नहयान से भी बात की थी। जानकार इसे ईद डिप्लोमेसी के तौर पर देख रहे हैं, जिसमें भारत खाड़ी देशों के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने के साथ-साथ संकट के समय उनका साथ देने का संदेश दे रहा है।

दरअसल, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, खासकर ईरान से जुड़े हालात को लेकर भारत सतर्क है। कुवैत और यूएई जैसे देशों में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा भारत के लिए बेहद अहम है। इसके अलावा इन देशों के साथ भारत के मजबूत व्यापार और ऊर्जा संबंध भी जुड़े हुए हैं। कुल मिलाकर PM नरेंद्र मोदी की यह बातचीत सिर्फ त्योहार की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके जरिए भारत ने साफ संकेत दिया कि वह अपने खाड़ी सहयोगियों के साथ हर स्थिति में मजबूती से खड़ा है और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा तथा अपने राष्ट्रीय हितों को लेकर पूरी तरह सजग है। (Modi Talk Kuwait Crown Prince)



