छत्तीसगढ़ विधानसभा में SIR के मुद्दे पर हंगामा, विपक्ष ने भाजपा पर मतदाता सूची से नाम कटवाने का लगाया आरोप

SIR Issue in Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शून्यकाल में SIR यानी मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने लाखों लोगों के नाम कटने का आरोप लगाते हुए स्थगन प्रस्ताव के जरिए चर्चा की मांग की, लेकिन सत्ता पक्ष के विरोध और आसंदी के फैसले के बाद मामला और गरमा गया। शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्थगन प्रस्ताव लाते हुए कहा कि प्रदेश में 19 लाख 13 हजार से ज्यादा लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रदेश के नागरिक हैं, जो अब लापता जैसे हो गए हैं। इस गंभीर मुद्दे पर सदन में चर्चा जरूरी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अवैध धर्मांतरण पर कड़ा कानून, भारी जुर्माना और कड़ी सजा का प्रावधान
इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह न तो जनहित का मुद्दा है और न ही राज्यहित का। उन्होंने कहा कि इसे सदन में उठाया नहीं जाना चाहिए और इसे रिकॉर्ड में भी शामिल करने योग्य नहीं है, क्योंकि यह राज्य का विषय नहीं है। वहीं भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सब कुछ ठीक चल रहा है और विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए ऐसे मुद्दों को लाकर माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। (SIR Issue in Assembly)

इस दौरान कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक पार्टी के लोगों ने दूसरे बूथों के मतदाताओं के नाम भी कटवाए हैं और इस पूरे मामले पर चर्चा होना जरूरी है। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया और पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। लगातार हंगामे के बीच आसंदी ने इस मुद्दे को भारत निर्वाचन आयोग का विषय बताते हुए स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

आसंदी के फैसले से नाराज विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया, जिससे विधानसभा का माहौल और भी गरमा गया। मतदाता सूची से जुड़े इस मुद्दे ने विधानसभा में सियासी तापमान बढ़ा दिया है। मतदाता सूची से जुड़ा यह विवाद अब सदन से निकलकर सियासी मुद्दा बनता दिख रहा है, जिस पर आने वाले दिनों में और घमासान देखने को मिल सकता है। अब यह देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है। (SIR Issue in Assembly)



