सांसद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पोस्ट बना वजह
दुर्ग। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से सांसद विजय बघेल के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।
पुलिस के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम पूंढा निवासी गौरव वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने सांसद विजय बघेल और AIIMS Raipur की व्यवस्थाओं को लेकर आपत्तिजनक और गाली-गलौज भरी टिप्पणियां की थीं।
वीडियो में युवक ने एम्स की ओपीडी और उपचार व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सांसद के प्रति व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी की थी। मामला सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान गौरव वर्मा के रूप में होने पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



