Google Analytics —— Meta Pixel

रायगढ़ में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, एक ही फंदे से झूल गए प्रेमी-प्रेमिका, शादी करना चाहते थे दोनों, अधूरी रह गई चाहत

Couple Suicide in Raigarh: रायगढ़ जिले से झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक प्रेमी-प्रेमिका ने अपने रिश्ते को अंतिम अंजाम देते हुए एक ही फंदे से फांसी लगाकर जान दे दी। उनकी आखिरी ख्वाहिश “एक साथ आग देना” ने इस घटना को और भी मार्मिक बना दिया है। यह घटना छाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एडूकला जंगल की है, जहां बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर लटकते दोनों शवों को देखा। सुबह जब गांव के लोग रोज की तरह जंगल में महुआ बीनने पहुंचे, तब उनकी नजर एक पेड़ पर पड़ी, जहां एक युवक और युवती एक ही फंदे से झूल रहे थे। यह देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर हलचल मच गई।

यह भी पढे़ं:- 4 साल के रिश्ते का खौफनाक अंत, लिव-इन पार्टनर ने पहले महिला को मारा थप्पड़, फिर घोंटा गला

मृतकों की पहचान भुंडीबाहरी के रहने वाले 25 साल के रामकुमार अगरिया और 20 साल की परमेश्वरी अगरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले 5-6 महीनों से एक-दूसरे से गहरा प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। रामकुमार एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था और दोनों अपने रिश्ते को एक नया नाम देना चाहते थे, लेकिन शायद हालात उनके साथ नहीं थे। घटनास्थल से पुलिस को जो मिला, उसने सबको भीतर तक हिला दिया। जमीन पर लिखा था- एक साथ आग देना। यह शब्द उनके अटूट प्रेम और साथ जीने-मरने की कसम को बयां करते हैं। उनकी यह अंतिम इच्छा अब पूरे इलाके में चर्चा और संवेदना का विषय बन गई है। (Couple Suicide in Raigarh)

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा है। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि क्या सच में प्यार का अंत इतना दर्दनाक होना चाहिए ? दो जिंदगियां, जो साथ जीने का सपना देख रही थी, अब एक साथ इस दुनिया से विदा हो गईं। अपने पीछे छोड़ गईं कई सवाल और एक गहरी टीस। (Couple Suicide in Raigarh)

Back to top button
error: Content is protected !!