Google Analytics —— Meta Pixel

3 साल की बच्ची ने निगला सिक्का, जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बचाई जान, समय पर इलाज मिलने से टली बड़ी अनहोनी

Mungeli District Hospital: मुंगेली जिला अस्पताल में डॉक्टरों की सजगता और त्वरित इलाज से 3 साल की एक मासूम बच्ची की जान बच गई। यह मामला कोसमतरा गांव का है, जहां खेल-खेल में बच्ची ने गलती से सिक्का निगल लिया। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा के मुताबिक 3 साल की हिमांशी साहू खेलते समय अचानक एक सिक्का निगल बैठी। सिक्का उसके गले की आहार नली में फंस गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। घबराए परिजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के चार जिले के सहायक आयुक्त को शो-कॉज नोटिस, जानिए क्या है पूरा मामला

अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत एक्स-रे कराया, जिसमें यह साफ हो गया कि सिक्का बच्ची की आहार नली में फंसा हुआ है। स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए ऑपरेशन का फैसला लिया। डॉक्टरों की टीम ने दूरबीन (एंडोस्कोपिक) तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सफल ऑपरेशन किया और सिक्के को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती गई। सिविल सर्जन डॉ. एम.के. राय ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से बच्ची अब पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है। (Mungeli District Hospital)

छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की जरूरत

इस सफल ऑपरेशन में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कमलेश सत्यपाल, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार बेलदार और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु ध्रुव समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही। बच्ची के परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से उनकी बेटी की जान बच पाई। समय पर सही इलाज और डॉक्टरों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई और मासूम को नई जिंदगी मिल गई। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समय पर अस्पताल पहुंचना और डॉक्टरों की तत्परता किसी भी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है। साथ ही छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की भी जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!