Google Analytics —— Meta Pixel

तेज हवा से गिरा मधुमक्खियों का छत्ता, हमले में फार्म हाउस में काम कर रहे 60 साल के बुजुर्ग मजदूर की मौत

Death Due to Bee Attack: दुर्ग जिले के गनियारी स्थित एक सब्जी फार्म हाउस में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 साल के रमेश भोई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। उस समय फार्म हाउस में रोजाना की तरह मजदूर खेती और रखरखाव का काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज हवा चलने लगी। हवा इतनी तेज थी कि पेड़ की डाल पर लगा मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता अचानक टूटकर नीचे गिर गया। छत्ता गिरते ही मधुमक्खियां भड़क गई और वहां काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें:- बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर बहा खून, 3 युवकों ने की दोस्त के दादा की हत्या

मौके पर मौजूद मजदूरों ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर भागने की कोशिश की। कई मजदूर और ट्रैक्टर ड्राइवर भागने में सफल भी रहे, लेकिन रमेश भोई शारीरिक रूप से कमजोर होने के कारण तेजी से नहीं भाग सके। इसी बीच मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। फार्म हाउस के मैनेजर भाविक टांक ने बताया कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली, तब तक रमेश की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। उन्हें बचाने के लिए मजदूरों और फार्म स्टाफ ने तुरंत प्रयास शुरू किए। मधुमक्खियों को हटाने के लिए रमेश पर पानी डाला गया और उन्हें कंबल से ढककर सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई। काफी मशक्कत के बाद उन्हें वहां से बाहर निकाला गया। इसके बाद रमेश भोई को तत्काल इलाज के लिए रसमढ़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

इस बीच अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश भोई ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि रमेश भोई पिछले करीब 12 सालों से अपनी पत्नी अष्टमी भोई के साथ इसी फार्म हाउस में मजदूरी का काम कर रहे थे। दोनों पति-पत्नी फार्म हाउस परिसर में ही रहकर काम करते थे। उनकी कोई संतान नहीं है। रमेश की मौत के बाद उनकी पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फार्म हाउस मैनेजर का कहना है कि यह पूरी घटना अचानक हुई। तेज हवा के कारण छत्ता गिरा और मधुमक्खियां आक्रामक हो गई। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वहीं इस हादसे के बाद खेतों और फार्म हाउस में काम करने वाले मजदूरों के बीच डर का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। (Death Due to Bee Attack)

Back to top button
error: Content is protected !!