अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला, होर्मुज के पास मिसाइल लॉन्चर और जहाज तबाह
Iran war : अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्धविराम के बावजूद तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान में होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरानी मिसाइल लॉन्च ठिकानों और जहाजों पर हमला किया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस कार्रवाई को आत्मरक्षा में उठाया गया कदम बताया है। (Iran war)
US सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता नेवी कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिकी सेना युद्धविराम के दौरान संयम बरत रही है, लेकिन अपने सैनिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमलों का मुख्य निशाना बंदर अब्बास के पास स्थित इलाका था, जो होर्मुज स्ट्रेट पर मौजूद ईरानी नौसैनिक अड्डे के लिए अहम माना जाता है।
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, बंदर अब्बास में धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी। हालांकि, ईरान ने अब तक अमेरिकी हमलों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
इस बीच, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकई ने कहा कि अमेरिका के साथ बातचीत में कुछ प्रगति हुई है, लेकिन फिलहाल किसी समझौते के जल्द होने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि कई मुद्दों पर सहमति बनी है, लेकिन अंतिम समझौते का दावा करना जल्दबाजी होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देशों के बीच जिस संभावित समझौते पर चर्चा चल रही है, उसमें 60 दिन के युद्धविराम को बढ़ाने, होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे बातचीत का प्रस्ताव शामिल है।
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच 8 अप्रैल से युद्धविराम लागू है। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच कई बार सैन्य तनाव देखने को मिला है। इससे पहले मई की शुरुआत में भी अमेरिका ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। उस समय अमेरिका ने आरोप लगाया था कि ईरानी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई थी। (Iran war)



