सरगुजा में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप, दोनों पक्षों पर FIR

FIR Against BJP MLA: सरगुजा जिले के सीतापुर से बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा है। मामले में विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं विधायक की चचेरी बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी 14 मई को राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंची थी। उन्हें अपने पति मुकेश धनकी के पैरोल से जुड़े दस्तावेजों के लिए शोध क्षमता प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार करवाने थे। बताया जा रहा है कि मुकेश धनकी हत्या के मामले में पिछले 10-15 सालों से जेल में बंद हैं और पैरोल प्रक्रिया के लिए नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर जरूरी थे। सीमा धनकी का आरोप है कि कई दिनों से उन्हें कार्यालय के चक्कर कटवाए जा रहे थे। 27 मई को भी जब वे फाइल पर हस्ताक्षर करवाने पहुंची तो नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। (FIR Against BJP MLA)
यह भी पढ़ें:- फैमिली कोर्ट के बाहर पति ने तीन बार बोला “तलाक”, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने हस्ताक्षर करने को कहा तो अधिकारी भड़क गए और कहा कि तुम होती कौन हो हस्ताक्षर करने वाली, जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए भी कहा गया। महिला ने इसकी जानकारी विधायक भाई रामकुमार टोप्पो को दी। आरोप है कि इसके बाद विधायक के समर्थक राजापुर उप तहसील कार्यालय पहुंच गए। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने आरोप लगाया है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें वापस राजापुर बुलाया। उस समय एसडीएम फागेश सिन्हा भी उनके साथ मौजूद थे। राजापुर पहुंचने के बाद विधायक ने अपनी बहन के साथ दुर्व्यवहार को लेकर सवाल किया।
![]()
तुषार मानिकपुरी के मुताबिक उन्होंने कहा कि कोई अभद्रता नहीं हुई थी और फाइल प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले दिन हस्ताक्षर किए जाने थे। आरोप है कि इसी दौरान विधायक के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें किनारे बुलाकर पीटा और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे एसडीएम फागेश सिन्हा ने किसी तरह उन्हें वहां से बाहर निकाला। घटना के बाद एसडीएम फागेश सिन्हा अपनी गाड़ी से नायब तहसीलदार को अंबिकापुर लेकर रवाना हुए। इसके बाद नायब तहसीलदार ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
बहन से बदसलूकी हुई, मारपीट नहीं की: विधायक
विधायक रामकुमार टोप्पो ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी बहन के साथ नायब तहसीलदार ने बदसलूकी की थी, जिससे समर्थकों में आक्रोश था। विधायक ने कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की मारपीट नहीं की है। वहीं विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने भी नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कोतवाली पुलिस ने जीरो पर अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता समेत 10 लोगों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में शासकीय कार्य में बाधा डालना, मारपीट और अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं।
थाने के बाहर धरने पर बैठे विधायक समर्थक
वहीं विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। इस तरह पूरे मामले में काउंटर FIR हुई है। विधायक और समर्थकों पर FIR दर्ज होने के बाद मामला और गरमा गया। सीतापुर थाने के बाहर विधायक समर्थक धरने पर बैठ गए और FIR वापस लेने की मांग करने लगे। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की। इधर, इस घटना के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ भी आक्रोशित हो गया है। संघ ने आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। (FIR Against BJP MLA)
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच: कलेक्टर
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है। विधायक पक्ष का आरोप है कि नायब तहसीलदार ने बदसलूकी की, जबकि अधिकारी पक्ष का कहना है कि उनके साथ मारपीट हुई है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। सवाल सिर्फ एक नायब तहसीलदार और विधायक के बीच विवाद का नहीं है। सवाल सत्ता के असर, प्रशासन की गरिमा और कानून के राज का है। अगर जनप्रतिनिधि और अधिकारी आमने-सामने आ जाएं तो आखिर जनता किस पर भरोसा करे ? अब निगाहें पुलिस जांच, प्रशासनिक कार्रवाई और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं, क्योंकि सरगुजा का ये विवाद अब सियासत से लेकर सिस्टम तक बड़ा सवाल बन चुका है।
![]()



