Google Analytics —— Meta Pixel

विधायक और नायब तहसीलदार विवाद ने पकड़ा तूल, राजस्व अधिकारी धरने पर

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक रंग ले लिया है। नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। अधिकारियों ने विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मोर्चा खोल दिया है।

धरने के चलते राजस्व विभाग के कई कामकाज प्रभावित हो गए हैं। दूसरी ओर सीतापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थन में उनके समर्थकों द्वारा भी बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बड़ी बहन सीमा धनकी से जुड़ी एक फाइल को लेकर हुई। सीमा धनकी ने अपने जेल में बंद पति को पैरोल पर बाहर लाने के लिए जमीन का शोध क्षमता प्रमाण पत्र बनवाने हेतु 14 मई को आवेदन जमा किया था।

आरोप है कि आवेदन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी द्वारा फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे। साथ ही आवेदक को लगातार कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे थे। इसी मामले को लेकर विधायक और नायब तहसीलदार के बीच विवाद बढ़ गया।

घटना के बाद राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता और मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं विधायक समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए विरोध प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हुए हैं।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़े :- कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन, कांग्रेस का मास्टरस्ट्रोक या बीजेपी के लिए बड़ा मौका ? सिद्धारमैया आगे क्या करेंगे ?

Back to top button
error: Content is protected !!