Google Analytics —— Meta Pixel

कर्नाटक में ऑनलाइन गेमिंग के विवाद ने ली दो जानें, बेटे ने की पिता-बहन की हत्या, दावणगेरे में महिला से गैंगरेप

Crime in Karnataka: कर्नाटक में अपराध की दो घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। कोप्पल जिले में ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलने से रोकने पर एक 18 साल के छात्र ने अपने ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें उसके पिता और बहन की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं दावणगेरे जिले में एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या का मामला कोप्पल जिले के गंगावती तालुका के होसा अयोध्या गांव का है, जहां 6 जून की रात को छात्र को परिवार के सदस्यों ने ऑनलाइन मोबाइल गेम खेलने से रोका था, जिससे वह नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने अपने पिता, मां और बड़ी बहन पर चाकू से हमला कर दिया।

यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में कार-बाइक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, जम्मू-कश्मीर में BSF की बस दुर्घटनाग्रस्त, 4 जवान घायल

हमले में 45 साल के वेंकट नायडू और उनकी 19 साल की बेटी प्रगति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी सौजन्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक घटना की रात परिवार खाना खाने के बाद सो गया था। वेंकट नायडू, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे एक कमरे में सो रहे थे, जबकि वेंकट नायडू के माता-पिता दूसरे कमरे में थे। रात करीब 10:30 बजे वेंकट नायडू के पिता ताताराव ने कमरे से चीख-पुकार की आवाज सुनी। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाकर मदद मांगी।

महिला को नशीला पदार्थ देकर गैंगरेप

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। फिलहाल उसका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के बयान का इंतजार किया जा रहा है। दूसरी घटना दावणगेरे जिले से सामने आई है, जहां 41 साल की महिला के साथ नशीला पदार्थ देकर गैंगरेप करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक 3 जून की शाम दो युवकों ने मदद के बहाने महिला को एक सॉफ्ट ड्रिंक दी। ड्रिंक पीने के बाद महिला बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी महिला को गांव के बाहर एक खेत में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब आरोपियों का बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग ग्रुपों में वायरल हो गया। (Crime in Karnataka)

Gang Rape in Balrampur

वीडियो वायरल होने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कर्नाटक में सामने आई इन दोनों घटनाओं ने समाज में बढ़ती हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर ऑनलाइन गेमिंग की लत से उपजा पारिवारिक विवाद दो लोगों की जान ले बैठा, वहीं दूसरी ओर दावणगेरे की घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों में जांच आगे बढ़ा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। (Crime in Karnataka)

Back to top button
error: Content is protected !!