छत्तीसगढ़ में आज से कांग्रेस जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट करेंगे शुरुआत
Congress Prashikshan Shivir: छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए आज से जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू कर रही है। रायपुर जिले के अभनपुर स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन, चांदी मोड़ में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संगठनात्मक मजबूती, जमीनी मुद्दों और राजनीतिक रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। शिविर के पहले दिन यानी आज छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट जिला अध्यक्षों को संबोधित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।
यह भी पढ़ें:- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: स्वस्थ जीवन और विकसित भारत का आधार बनेगा योग
प्रभारी सचिन पायलट आज शाम 4:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे अभनपुर रवाना होंगे, जहां कांग्रेस के जिला और शहर अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। सचिन पायलट अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद कल वे प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर प्रदेशभर से पहुंचे जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक मजबूती, नेतृत्व विकास और राजनीतिक रणनीति से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। वहीं कल ही कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिविर में पहुंचकर जिला अध्यक्षों को संबोधित करेंगे और संगठन को लेकर अपनी रणनीतिक सोच साझा करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। यह शिविर 20 जून से 29 जून तक चलेगा। कांग्रेस ने इस प्रशिक्षण शिविर को सिर्फ औपचारिक बैठकों और कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा है। जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को गांवों में रुककर स्थानीय परिस्थितियों का अध्ययन करने, ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने और क्षेत्रीय समस्याओं को समझने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
अनुशासन और नेतृत्व विकास पर रहेगा जोर
पार्टी का मानना है कि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझे बिना प्रभावी राजनीतिक रणनीति तैयार नहीं की जा सकती। शिविर के दौरान मनरेगा की स्थिति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, सामाजिक चुनौतियों और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते नशे के प्रभाव जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी। नेताओं को इन मुद्दों पर फीडबैक जुटाकर संगठन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत प्रतिदिन झंडावंदन के साथ होगी। कांग्रेस संगठन ने प्रशिक्षण को सिर्फ राजनीतिक गतिविधि न मानते हुए इसे नेतृत्व विकास और अनुशासन से भी जोड़ने का प्रयास किया है। प्रतिभागियों को योग, मार्शल आर्ट्स और व्यक्तित्व विकास से जुड़े सत्रों में भाग लेना होगा। इसके अलावा विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ संगठन प्रबंधन, जनसंपर्क, मीडिया हैंडलिंग, सोशल मीडिया रणनीति और राजनीतिक संवाद कौशल पर प्रशिक्षण देंगे। कांग्रेस का उद्देश्य जिला अध्यक्षों को सिर्फ संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक सीमित न रखकर उन्हें प्रभावी राजनीतिक नेतृत्व के रूप में तैयार करना है। (Congress Prashikshan Shivir)
जिलावार राजनीतिक हालात पर होगा मंथन
शिविर में हर जिले की राजनीतिक स्थिति, संगठन की ताकत और कमजोरियों, स्थानीय मुद्दों समेत आगामी चुनावी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिला अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों की रिपोर्ट भी ली जाएगी, जिसके आधार पर कांग्रेस भविष्य की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति तय करेगी। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जिला अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। ऐसे में उन्हें स्थानीय परिस्थितियों, जनभावनाओं और संगठनात्मक जरूरतों की बेहतर समझ देकर कांग्रेस को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाया जा सकता है। कांग्रेस इस प्रशिक्षण शिविर को सिर्फ संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनावों की तैयारी के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देख रही है। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षित कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाना है, ताकि जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके और चुनावी मुकाबले में कांग्रेस को मजबूत स्थिति मिल सके। राहुल गांधी, सचिन पायलट और भूपेश बघेल जैसे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी इस शिविर को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना रही है। माना जा रहा है कि प्रशिक्षण शिविर से निकले सुझाव और निष्कर्ष आने वाले समय में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की संगठनात्मक रणनीति की दिशा तय करेंगे।



