Nirjala Ekadashi 2026: निर्जला एकादशी व्रत का पारण कब करें? हरि वासर का रखें विशेष ध्यान, जानें शुभ समय
Nirjala Ekadashi 2026: आज निर्जला एकादशी (Nirjala Ekadashi 2026) के अवसर पर भगवान विष्णु के भक्त ज्येष्ठ मास की निर्जला एकादशी का व्रत रखे हुए हैं। इसे सभी एकादशी व्रतों में सबसे कठिन और पुण्यदायी माना जाता है, क्योंकि इस व्रत में अन्न के साथ-साथ जल का भी त्याग किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस व्रत को करने से पूरे वर्ष की सभी एकादशियों के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार भीमसेन ने भी इस व्रत को किया था। मान्यता है कि निर्जला एकादशी पर उपवास रखकर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करने पर जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति मिलती है और मृत्यु के बाद आत्मा को वैकुंठ धाम में स्थान प्राप्त होता है।
हालांकि, इस व्रत का पूर्ण फल तभी प्राप्त होता है जब इसका पारण शास्त्रों में बताए गए नियमों के अनुसार किया जाए। विशेष रूप से हरि वासर का ध्यान रखना बेहद जरूरी माना गया है। इस वर्ष निर्जला एकादशी व्रत का पारण 26 जून 2026 को किया जाएगा।
निर्जला एकादशी 2026 व्रत पारण का शुभ समय
शास्त्रों के अनुसार एकादशी व्रत का पारण हमेशा द्वादशी तिथि में किया जाता है। पंचांग के मुताबिक, 26 जून को सुबह 5 बजकर 25 मिनट से सुबह 8 बजकर 13 मिनट तक पारण का शुभ समय रहेगा। इसी अवधि में श्रद्धालु अपना व्रत खोल सकते हैं। द्वादशी तिथि 26 जून की रात 10 बजकर 22 मिनट तक रहेगी।
क्या होता है हरि वासर?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हरि वासर द्वादशी तिथि के पहले एक-चौथाई भाग को कहा जाता है। आसान भाषा में समझें तो द्वादशी तिथि के शुरुआती लगभग छह घंटे हरि वासर कहलाते हैं। इस समय व्रत का पारण नहीं किया जाता।
पारण करते समय रखें यह खास ध्यान
निर्जला एकादशी व्रत के पारण में हरि वासर का विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि यदि हरि वासर के दौरान व्रत तोड़ा जाता है, तो व्रत का पूर्ण फल प्राप्त नहीं होता और व्रत निष्फल माना जाता है। यही कारण है कि पारण करने से पहले हरि वासर समाप्त होने का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। (Nirjala Ekadashi 2026)
यह भी पढ़े :- बस्तर की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, IPS बद्रीनारायण मीणा बने नए आईजी



