ईरान-अमेरिका के बीच टूटा सीजफायर? तेहरान पर US का बड़ा हमला, मिसाइल और ड्रोन ठिकाने बने निशाना
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कारोबारी जहाज पर ड्रोन हमले के बाद अमेरिका की जवाबी कार्रवाई, मध्य पूर्व में फिर बढ़ा तनाव
US Iran Conflict : मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कारोबारी जहाज पर हुए ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य एक्शन लिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि उसने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले किए हैं। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले के जवाब में की गई है।
CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि 26 जून को अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ जवाबी हमले किए। बयान के अनुसार, यह कार्रवाई 25 जून को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से ओमान तट के पास गुजर रहे एक कारोबारी जहाज पर हुए हमले के जवाब में की गई। (US Iran Conflict)
मिसाइल, ड्रोन ठिकानों और रडार साइट्स पर हमला
अमेरिकी सेना ने बताया कि उसने ईरान के मिसाइल और ड्रोन भंडारण केंद्रों के साथ-साथ तटीय रडार ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिका के मुताबिक, सिंगापुर के झंडे वाले मालवाहक जहाज एम/वी एवर लवली पर एकतरफा हमलावर ड्रोन से हमला किया गया था, जब वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से बाहर निकल रहा था।
CENTCOM ने कहा कि व्यावसायिक जहाज पर ईरानी बलों का हमला पूरी तरह अनुचित था और यह युद्धविराम समझौते का स्पष्ट उल्लंघन है।
व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा जारी रहेगी
अमेरिका ने कहा है कि उसकी सेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैनात है। साथ ही क्षेत्र में सैन्य समन्वय जारी रखा जाएगा ताकि समुद्री व्यापार प्रभावित न हो।
ब्रिटेन ने भी हमले की पुष्टि की
ब्रिटेन की सेना ने गुरुवार को पुष्टि की कि ओमान तट के पास एक कंटेनर जहाज किसी प्रोजेक्टाइल की चपेट में आया। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
IMO ने जहाजों की निकासी अस्थायी रूप से रोकी
अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने फारस की खाड़ी में फंसे जहाजों की निकासी अस्थायी रूप से रोक दी है। संगठन ने कहा कि जब तक अन्य जहाजों की सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल जाती, तब तक निकासी दोबारा शुरू नहीं होगी।
आईएमओ के महासचिव अर्सेनियो डोमिंगुएज के मुताबिक, हाल के दिनों में करीब 115 जहाज जलडमरूमध्य से निकल चुके हैं, जबकि लगभग 500 जहाज अब भी उस क्षेत्र में मौजूद हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने हमले को बताया ‘मूर्खतापूर्ण’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मालवाहक जहाज पर हुए हमले को युद्धविराम समझौते का “मूर्खतापूर्ण उल्लंघन” बताया। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि जहाज पर दागे गए चार ड्रोन में से एक ने ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचाया, लेकिन जहाज अपनी यात्रा जारी रखने में सफल रहा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने बाकी तीन ड्रोन को मार गिराया।
ईरान को दी कड़ी चेतावनी
शुक्रवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या हालिया ड्रोन हमले के बाद ईरान को कोई परिणाम भुगतना पड़ेगा। इस पर उन्होंने कहा, “आपको जल्द ही पता चल जाएगा।”
ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया कि ईरान ने जहाज पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका क्षेत्र में किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। (US Iran Conflict)



