CM साय की बड़ी घोषणा: बिजली बिल का सरचार्ज माफ, भुगतान पर मिलेगी 10% छूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए भुगतान के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत अब उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए तीन महीने की अतिरिक्त मोहलत दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल लंबे समय से बकाया है, यदि वे अगले तीन महीने के भीतर अपना पूरा बकाया जमा कर देते हैं, तो उनसे किसी प्रकार का लेट पेमेंट सरचार्ज नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा ऐसे उपभोक्ताओं को बिल भुगतान पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जाएगी।
राज्य सरकार का मानना है कि इस फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर और लंबे समय से बकाया बिजली बिल के कारण परेशान उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पात्र उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि के भीतर बकाया राशि जमा करने की अपील की है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को फायदा मिलने की उम्मीद है। योजना का मुख्य उद्देश्य बकाया बिजली बिलों का आसान निपटारा करना और उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ को कम करना है।



