उरला फैक्ट्री ब्लास्ट: मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा, फैक्ट्री बंद
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन बोले- घटना की जांच के आदेश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने फैक्ट्री के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी है। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि हादसे के बाद फैक्ट्री को तत्काल बंद करा दिया गया है। मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं, ताकि विस्फोट के कारणों और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही की जांच की जा सके।
उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मजदूरों के परिजनों को फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से 30-30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय का बड़ा फैसला: अब व्हाट्सएप पर मिलेंगे बी-1, खसरा और भूमि दस्तावेज



