Google Analytics —— Meta Pixel

फिर भड़का अमेरिका-ईरान तनाव: ट्रंप के आदेश पर ईरान में अमेरिकी हमले, कई सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका की कार्रवाई तेज, ईरान ने ड्रोन मार गिराने का किया दावा

US Iran War : पश्चिम एशिया में एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव गहरा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने बुधवार रात ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। अमेरिका ने दावा किया है कि यह कार्रवाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हाल में हुए कथित हमलों के जवाब में की गई है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, मंगलवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे तीन मालवाहक जहाजों पर हुए हमलों के बाद सैन्य अभियान शुरू किया गया। अमेरिका ने इन घटनाओं के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। (US Iran War)

कई सैन्य ठिकानों पर हमले

रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी हमलों में दक्षिण-पूर्वी ईरान के इरानशहर स्थित इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सलमान कमांड मुख्यालय को निशाना बनाया गया। इसके अलावा चाबहार, कोनारक, बंदर अब्बास, जास्क, सीरिक और क़ेश्म सहित दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में भी धमाकों की खबरें सामने आई हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की सूचना है।

बुशहर में सैन्य सुविधा में आग लगने का दावा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुशहर प्रांत के चोग़दाक क्षेत्र स्थित IRGC एयरोस्पेस फोर्स की एक सैन्य सुविधा में भी आग लग गई। हालांकि, आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

ईरान का दावा- दुश्मन का ड्रोन मार गिराया

ईरानी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज के मुताबिक, देश के दक्षिणी हिस्से में ईरानी वायु रक्षा प्रणाली ने एक “दुश्मन” के ड्रोन को मार गिराया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ड्रोन किस देश का था।

ट्रंप बोले- यह सिर्फ शुरुआत है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह कार्रवाई ईरान द्वारा जहाजों पर किए गए कथित हमलों का जवाब है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो अमेरिका और कड़ी कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने एक दिन पहले ही कहा था कि ईरान के साथ हुआ अंतरिम युद्धविराम समझौता अब समाप्त हो चुका है।

ईरान का पलटवार

ईरान के विदेश मंत्री ने ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईरान धमकियों या अपमानजनक भाषा से प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि देश अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।

तनाव फिर बढ़ा

गौरतलब है कि 17 जून को अमेरिका और ईरान के बीच एक अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री सुरक्षा और नियंत्रण को लेकर मतभेद फिर गहरा गए हैं, जिसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। (US Iran War)

यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय की बड़ी पहल: शासकीय कर्मचारियों को मिलेगा वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण

Back to top button
error: Content is protected !!