Google Analytics —— Meta Pixel

भारतीय रेलवे का नया युग: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को आज हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी

जींद-सोनीपत ट्रैक पर दौड़ेगी बिना प्रदूषण वाली ट्रेन; भारत बना तकनीक अपनाने वाला दुनिया का चुनिंदा देश

Hydrogen Train : भारतीय रेलवे आज एक ऐतिहासिक मील का पत्थर छूने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की लीग में शामिल हो गया है जो पर्यावरण संरक्षण के लिए इस बेहद आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं।

यह ट्रेन न तो बिजली की ओवरहेड लाइनों पर निर्भर है और न ही इसमें डीजल इंजन की जरूरत है। पर्यावरण के लिहाज से इसे रेलवे का अब तक का सबसे बड़ा गेम-चेंजर कदम माना जा रहा है।

कैसा रहेगा सफर और समय-सारणी?

मई में मंजूरी मिलने के बाद, उत्तर रेलवे के जींद-सोनीपत सेक्शन पर इस 10 कोच वाली ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।

दूरी और समय: जींद से सोनीपत के बीच करीब 90 किलोमीटर की दूरी को यह ट्रेन 2 घंटे में तय करेगी।

रफ्तार: ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

दैनिक क्षमता: यह ट्रेन दिन में दो फेरे लगाएगी और रोजाना करीब 356 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसमें एक बार में 682 यात्री सफर कर सकेंगे।

ट्रेन की समय-सारणी (ट्रेन नंबर 74010 / 74009):
जींद से सोनीपत (74010): सुबह 07:40 बजे जींद से प्रस्थान कर सुबह 09:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी।

सोनीपत से जींद (74009): सुबह 10:40 बजे सोनीपत से रवाना होकर दोपहर 01:00 बजे जींद वापस आएगी।

प्रमुख ठहराव: यह ट्रेन जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललित खेड़ा, भांपेगा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खांडराई, गोहाना, राबड़ा, लाठ, मोहाना और बरवासनी स्टेशनों पर रुकेगी।

क्या इसके लिए बिछाई गई है नई पटरी?

कई लोगों के मन में यह सवाल है कि क्या इस ट्रेन को चलाने के लिए अलग ट्रैक की आवश्यकता होगी? रेलवे ने स्पष्ट किया है कि हाइड्रोजन ट्रेनें सामान्य पटरियों पर ही दौड़ेंगी। इसके लिए किसी भी तरह के विशेष ट्रैक या अलग से बुनियादी ढांचा बनाने की जरूरत नहीं है।

जींद में स्थापित हुआ विशेष ‘ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट’

ट्रेन में ईंधन भरने के लिए जींद में ही एक अत्याधुनिक ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन संयंत्र स्थापित किया गया है।

तकनीक: यहाँ पानी को ‘इलेक्ट्रोलाइज़र’ तकनीक के जरिए हाइड्रोजन और ऑक्सीजन में विभाजित किया जाता है।

रीफ्यूलिंग: तैयार हाइड्रोजन को उच्च दबाव वाले टैंकों में सुरक्षित रखा जाता है और विशेष फ्यूलिंग स्टेशन के जरिए ट्रेन में भरा जाता है।

सुरक्षा मानक: पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) ने कंप्रेस्ड हाइड्रोजन गैस के भंडारण और वितरण के लिए आवश्यक लाइसेंस जारी कर दिया है। आपातकालीन स्थिति के लिए एक अतिरिक्त कंप्रेशन सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है।

कैसे काम करती है हाइड्रोजन ट्रेन?

पारंपरिक डीजल इंजन जहाँ भारी मात्रा में काला धुआं और कार्बन उत्सर्जन करते हैं, वहीं हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह से ‘शून्य उत्सर्जन’ (Zero Emission) पर काम करती है।

काम करने का सिद्धांत: ट्रेन में लगे हाइड्रोजन फ्यूल-सेल रासायनिक प्रक्रिया के जरिए हाइड्रोजन और ऑक्सीजन को मिलाकर बिजली पैदा करते हैं। इसी बिजली से ट्रेन का इंजन चलता है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान साइलेंसर से धुएं के बजाय सिर्फ पानी की भाप (Water Vapor) निकलती है।

स्मार्ट स्ट्रेटेजी: रेलवे ने बचाए करोड़ों रुपये

रेलवे ने शुरुआत में ऐतिहासिक और पहाड़ी मार्गों पर “हाइड्रोजन फॉर हेरिटेज” योजना के तहत 35 ट्रेनें चलाने का लक्ष्य रखा था, जिसमें प्रति रूट लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान था।

लेकिन भारतीय रेलवे ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जींद-सोनीपत रूट के लिए नया इंजन बनाने के बजाय, मौजूदा डीजल इंजन को अपग्रेड (रेट्रोफिट) करके उसमें हाइड्रोजन फ्यूल-सेल तकनीक फिट कर दी। रेलवे की इस स्मार्ट रणनीति के कारण इस परियोजना की लागत 150 करोड़ रुपये से घटकर महज 111.83 करोड़ रुपये रह गई। (Hydrogen Train)

‘नेशनल हाइड्रोजन मिशन’ को मिलेगी रफ्तार

भारत सरकार ने फरवरी 2022 में ‘नेशनल हाइड्रोजन मिशन’ लॉन्च किया था, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश में सालाना 50 लाख टन ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन करना है। भारत के पास लंबी तटरेखा और भरपूर सौर ऊर्जा मौजूद है, जो देश को वैश्विक स्तर पर ‘ग्लोबल ग्रीन हाइड्रोजन हब’ बनाने में मदद करेगी। आज की यह शुरुआत इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। (Hydrogen Train)

Back to top button
error: Content is protected !!