Google Analytics —— Meta Pixel

अनंतनाग में आतंकी हमला: IRP का जवान शहीद, TRF ने ली ज़िम्मेदारी, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी

J&K Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग शहर स्थित लाल चौक इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर हमला (J&K Terrorist Attack) कर दिया। इस घटना में पुलिस के एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले (J&K Terrorist Attack) में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिसकर्मी को तत्काल उपचार के लिए जीएमसी (GMC) अनंतनाग ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। शहीद जवान की पहचान बडगाम जिले के बीरवाह निवासी आशिक हुसैन के रूप में हुई है। वह आईआरपी (IRP) 3र्ड बटालियन में तैनात थे और वर्तमान में यात्रा ड्यूटी का हिस्सा थे।

घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखते हुए हमले में शामिल आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है।

TRF ने ली ज़िम्मेदारी

आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है। संगठन ने बयान जारी कर दावा किया कि उसने जवान को निशाना बनाया है। इस दावे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हमले में शामिल आतंकियों और उनके स्थानीय मददगारों की पहचान व धरपकड़ तेज कर दी है। एहतियात के तौर पर अनंतनाग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

क्या है TRF?

TRF को पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का एक प्रॉक्सी संगठन माना जाता है। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद यह संगठन अस्तित्व में आया था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय दबाव से बचने और वैश्विक मंचों पर लश्कर की संलिप्तता छिपाने के लिए इस छद्म नाम का इस्तेमाल किया जाता है।

भारत सरकार ने जनवरी 2023 में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत TRF को प्रतिबंधित आतंकी संगठन घोषित किया था। यह संगठन घाटी में आतंकी गतिविधियों, युवाओं की भर्ती और घुसपैठ जैसी घटनाओं में लगातार संलिप्त रहा है।

यह भी पढ़े :- जंतर-मंतर छोड़ PM आवास क्यों पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ? क्या CJP आंदोलन का नैरेटिव अपने हाथ में लेना चाहती है कांग्रेस ?

Back to top button
error: Content is protected !!