Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : 13 साल की बेटी से 3 साल तक दुष्कर्म करने वाले कलयुगी पिता को आजीवन कारावास

विशेष पॉक्सो कोर्ट (जशपुर) का बड़ा फैसला

जशपुर। अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ पिछले तीन वर्षों से लगातार दुष्कर्म करने वाले 42 वर्षीय कलयुगी पिता को विशेष पॉक्सो अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। जशपुर के माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफ.टी.सी.) व विशेष पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश जनार्दन खरे ने आरोपी कलेश्वर राम विश्वकर्मा को दोषी ठहराते हुए यह फैसला सुनाया।

मां की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला

मामला थाना कांसाबेल क्षेत्र का है, जहां 2 मई 2026 को पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका पति पिछले तीन साल से अपनी ही मासूम बेटी को हवस का शिकार बना रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 75/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 65(2), 296, 351(2), 115(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

महज एक माह में पेश किया गया चालान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके साथ ही पीड़िता की सुरक्षा, चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और पेशेवर तरीके से जांच करते हुए महज एक महीने के भीतर 17 जून 2026 को अदालत में चालान (आरोप पत्र) दाखिल कर दिया।

20 गवाहों के बयानों और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर सजा

मुकदमे की सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक अमित कुमार तिर्की ने अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की और कोर्ट के समक्ष 20 गवाहों के बयान दर्ज कराए। पुलिस द्वारा प्रस्तुत पुख्ता साक्ष्यों और अभियोजन की दलीलों को स्वीकार करते हुए विशेष अदालत ने आरोपी कलेश्वर राम विश्वकर्मा को दोषी पाया और उसे अंतिम सांस तक जेल में रहने (आजीवन कारावास) की सजा सुनाई।

“जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही जशपुर पुलिस”

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जशपुर पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना रही है। ऐसे जघन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध विवेचना और प्रभावी पैरवी के जरिए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़े :- धर्मेंद्र प्रधान एक क्रिमिनल एजुकेशन मिनिस्टर हैं, उन्हें हटाना होगा: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Back to top button
error: Content is protected !!