Google Analytics —— Meta Pixel

करोड़ों के लोहा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई: CISF के 7 जवान निलंबित, अब तक 16 गिरफ्तार

बीएसपी प्रबंधन के बाद सीआईएसएफ ने भी अपनाया कड़ा रुख, सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर गिरी गाज

भिलाई / दुर्ग: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप और कीमती ऑस्ट्रेलियन कोक की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है। संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में सीआईएसएफ के 7 जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस पूछताछ और आंतरिक जांच में इन जवानों की भूमिका संदिग्ध व लापरवाह पाई गई थी।

बीएसपी के जीएम समेत 16 आरोपी सलाखों के पीछे

इस बहुचर्चित चोरी कांड में दुर्ग पुलिस अब तक बीएसपी के अधिकारियों, ट्रांसपोर्टर और सुपरवाइजर सहित कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बीएसपी प्रबंधन की आंतरिक जांच के बाद जीएम हिमांशु भूषण मलिक, इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन और धनंजय वर्मा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है, जिनमें से जीएम और इंजीनियर को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

पूछताछ के दायरे में आए जवानों पर गिरी गाज

पुलिस जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीआईएसएफ के निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के 7 कर्मियों से कड़ी पूछताछ की गई थी। इसके बाद सीआईएसएफ मुख्यालय द्वारा यह निलंबन की कार्रवाई की गई। इससे पूर्व मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ के दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला भी किया जा चुका है।

2 महीने बाद भी माइनिंग रिपोर्ट पेंडिंग

मामले से जुड़ी एक अहम कड़ी माइनिंग विभाग की लैब रिपोर्ट है, जो 2 महीने बीत जाने के बाद भी अप्राप्त है।

मुख्य बिंदु:

स्वीकारोक्ति: एक आरोपी ने स्वीकार किया है कि चोरी किया गया ऑस्ट्रेलियन कोक जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम खपरी स्थित एक गोदाम में डंप किया गया था।

जांच में देरी: माइनिंग विभाग का कहना है कि डंप सामग्री में ऑस्ट्रेलियन कोक, नट कोक, कोक ब्रीज और सिंटर का मिश्रण हो सकता है।

प्रबंधन की सुस्ती: लैब रिपोर्ट आने और बीएसपी प्रबंधन की भौतिक जांच के बाद ही कोक की वास्तविक श्रेणी की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी, हालांकि अब तक बीएसपी की कोई टीम गोदाम की जांच करने नहीं पहुंची है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़: वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 7 IFS अफसरों का तबादला

Back to top button
error: Content is protected !!