परिवार का पेट पालने गए थे कश्मीर, आतंकियों ने छीन ली छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की जिंदगी, किसी का पति गया, किसी का पिता

Terrorist Attack in Kulgam: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई है। आतंकियों ने शुक्रवार रात दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे गैर-कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाया। इस हमले में सक्ती जिले के बुंदेली के रहने वाले दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा के रहने वाले भूपेंद्र भैना की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने मजदूरों से पहले उनका नाम पूछा और इसके बाद दो हिंदू मजदूरों को अलग कर गोली मार दी। घटना को टारगेट किलिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और आतंकियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- डिजिटल जस्टिस पर रायपुर में महामंथन: सीएम साय और चीफ जस्टिस की मौजूदगी में कार्यशाला 2 अगस्त को
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलाम इलाके में आतंकियों ने ईंट-भट्ठे पर हमला किया। घटना के वक्त वहां कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक उन्होंने गोलियों की कई आवाजें सुनीं। बताया जा रहा है कि बाइक से पहुंचे आतंकियों ने मजदूरों की पहचान पूछी और उसके बाद दो मजदूरों को निशाना बनाया। हमले में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की गई जान
इस आतंकी हमले में मारे गए दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। 21 साल का दीपक रात्रे सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड के बुंदेली गांव का निवासी था। दीपक पिता उमाशंकर रात्रे के साथ परिवार का पालन-पोषण करने के लिए करीब एक साल पहले जम्मू-कश्मीर मजदूरी करने गया था। दीपक वहां ईंट-भट्ठे में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसके साथ उसकी पत्नी और भाई भी जम्मू-कश्मीर में ही रहकर काम कर रहे थे। दीपक की मौत की खबर मिलते ही बुंदेली गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपक अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बच्चे को छोड़ गया हैं। परिजनों के मुताबिक दीपक परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। उसका छोटा भाई दिव्यांग है, जो मजदूरी करने में सक्षम नहीं है। (Terrorist Attack in Kulgam)
3 महीने पहले कश्मीर गया था भूपेंद्र
वहीं कुलगाम हमले में मारा गया दूसरा मजदूर 28 साल का भूपेंद्र भैना था, जो सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के छुईहा गांव का रहने वाला था। भूपेंद्र परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए करीब तीन महीने पहले अपनी पत्नी के साथ जम्मू-कश्मीर मजदूरी करने गया था। भूपेंद्र के घर में उसका दो साल का बेटा, बहन और दादी हैं। उसकी मौत की खबर पहुंचते ही गांव में शोक का माहौल है। परिजन इस घटना से सदमे में हैं। दीपक रात्रे की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। परिवार ने केंद्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि निर्दोष मजदूरों को निशाना बनाने वाले आतंकियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी आतंकी आम लोगों पर हमला करने की हिम्मत न कर सके। परिवार ने सरकार से मांग की है कि परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, क्योंकि दीपक ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था।
सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरा
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र को सील कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और सेना के जवान इलाके में संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं। वाहनों की जांच की जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जांच एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान करने में जुटी हैं। सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि हमले में एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी शामिल हो सकते हैं। जांच का फोकस कुछ संदिग्धों पर है। हालांकि अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हमले की जांच के लिए ईंट-भट्ठे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक पिछले कुछ सालों में कश्मीर के ईंट-भट्ठों पर प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाने की घटनाओं के बाद यहां CCTV लगाने के निर्देश दिए गए थे। इस इलाके में कई ईंट-भट्ठे हैं और सुरक्षा एजेंसियां सभी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। (Terrorist Attack in Kulgam)
CM उमर अब्दुल्ला ने सहायता राशि का किया ऐलान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिवारों को पहले से दिए जा रहे 6 लाख रुपए के मुआवजे के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपए की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। कश्मीर में पिछले कुछ सालों में आतंकियों ने कई बार गैर-कश्मीरी मजदूरों और बाहरी लोगों को निशाना बनाया है। 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक में आतंकियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया था, जिसमें अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी में तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन शहीद हो गए थे। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में अभियान तेज किया था। जम्मू-कश्मीर में हर साल देश के कई राज्यों से 3 से 5 लाख प्रवासी मजदूर काम करने पहुंचते हैं। इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मजदूर बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। ये मजदूर ईंट-भट्ठों, निर्माण कार्य, सड़क परियोजनाओं, कृषि, बागवानी, होटल और पर्यटन क्षेत्र में काम करते हैं। कुलगाम हमले ने एक बार फिर प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। छत्तीसगढ़ के दो परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्यों को खो दिया है और अब उनकी नजर सरकार की मदद और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई पर है।



