बलौदाबाजार में गहरा गड्ढा बना हादसा का सबब, अनियंत्रित होकर पलटी एम्बुलेंस, 6 लोग घायल, 2 की हालत गंभीर

बलौदाबाजार। जिले में जर्जर सड़कों का खामियाजा एक बार फिर आम जनता को भुगतना पड़ा है। कसडोल-कटगी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130B) पर सड़क के गहरे गड्ढे के कारण एक रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में वाहन सवार 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
रायपुर से ओडिशा लौट रहे थे मरीज
जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास हुआ। खरोरा की एम्बुलेंस (CG 04 PP 4032) रायपुर से मरीजों का उपचार कराकर ओडिशा के बरगढ़ लौट रही थी। वाहन में मरीज, परिजन, चालक और हेल्पर समेत कुल 8 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल के पास सड़क पर एक बड़ा गड्ढा था, जिसमें पहिया पड़ते ही तेज रफ्तार एम्बुलेंस उछल गई। चालक के नियंत्रण खोते ही वाहन सड़क पर ही पलट गया।
डायल-112 और ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसी बीच ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस के साथ पहुंचे और घायलों को त्वरित अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
दो मरीजों की हालत नाजुक, चालक-हेल्पर सुरक्षित
हादसे में घायलों के सिर, छाती, पेट और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार 6 घायलों में से दो की हालत काफी नाजुक है, जबकि 4 अन्य की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। एम्बुलेंस के चालक और हेल्पर हादसे में पूरी तरह सुरक्षित हैं।
खराब सड़कों पर फिर उठे गंभीर सवाल
इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र की जर्जर सड़कों और एनएच विभाग के रखरखाव पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित विभाग को सड़क की स्थिति सुधारने हेतु सूचित किया गया है।



