Google Analytics —— Meta Pixel

‘मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं…’: IIT दिल्ली के दीक्षांत समारोह में बोले PM मोदी, मुस्कुरा उठे छात्र

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। अपने हल्के-फुल्के और प्रेरक अंदाज में छात्रों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने उनके भविष्य, चुनौतियों और लैंगिक समानता जैसे अहम मुद्दों पर विचार साझा किए।

“मन में चल रही बातें पढ़ सकता हूँ”

समारोह के दौरान माहौल उस समय खुशनुमा हो गया जब पीएम मोदी ने छात्रों से मुस्कुराते हुए कहा, “आज कई छात्र यहाँ मौजूद हैं। आपके मन के किसी कोने में कुछ न कुछ जरूर चल रहा होगा। मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं हूँ, लेकिन समझ सकता हूँ कि आपके मन में क्या चल रहा है।” उनकी इस बात पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हर स्टूडेंट के मन में भविष्य को लेकर अलग-अलग योजनाएं हैं—कोई अपनी पहली सैलरी का इंतजार कर रहा है, कोई नए शहर जाने की तैयारी में है, तो कोई अपने पहले स्टार्ट-अप या प्रतियोगी परीक्षा का सपना देख रहा है। रास्ते और सपने अलग हो सकते हैं, लेकिन इस पड़ाव पर पहुँचने का एहसास सभी का एक जैसा है।

बड़ी चुनौतियों को छोटे हिस्सों में बांटें

‘जेन-ज़ी’ (Gen Z) युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवन में जब भी कोई बड़ी चुनौती आए, तो उससे घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सलाह दी:

सकारात्मक दृष्टिकोण: बड़ी से बड़ी समस्या को छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित करके हल करें।

अवसर में बदलें: जो लोग नई चुनौतियों का नया समाधान खोजने का साहस दिखाते हैं, वे विषम परिस्थितियों को भी अवसरों में बदल देते हैं।

पेशेवर क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान

समारोह के दौरान पीएम मोदी ने एक महत्वपूर्ण मुद्दे की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मेडल विजेता छात्राओं की कम संख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि अकादमिक और पेशेवर उपलब्धियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व और बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा, “अवार्ड पाने वाले सभी छात्रों को मेरी बधाई, लेकिन अगर इसमें लड़कियों की संख्या और अधिक होती तो मुझे और खुशी होती। सिर्फ एक या दो ही क्यों? हमारी बेटियों की भागीदारी और ज्यादा होनी चाहिए।”

समारोह के अंत में उन्होंने सभी स्नातकों को देश के विकास में अपना योगदान देने और अपने-अपने क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित करने की शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़े :- स्कूल में बर्बरता: बाल न कटवाने पर शिक्षक ने छात्रों को कमरे में बंद कर डंडे से पीटा, CCTV फुटेज आया सामने

Back to top button
error: Content is protected !!