विश्व आदिवासी दिवस को लेकर कांग्रेस पर बरसे विकास मरकाम, पूछा- कांग्रेस का रुख अब बदल गया है क्या ?

Vikas Markam on Congress: विश्व आदिवासी दिवस को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। इस बीच भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पादप बोर्ड के चेयरमैन विकास मरकाम ने पलटवार किया और कांग्रेस के पुराने रुख और आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सूपा बोले तो बोले अब छलनी भी बोलने लगी है, जिसके अपने ही हजार छेद है। कांग्रेस को अब आदिवासियों की याद आ रही है। 1989 में आप ही की सरकार थी न, जब संयुक्त राष्ट्रसंघ के सहयोगी संगठन ILO ने मूलनिवासियों और जनजातीय समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए कन्वेंशन 169 प्रस्तावित किया था। उस संधि का आपने क्यों विरोध किया था ?
यह भी पढ़ें:- विश्व आदिवासी दिवस पर नहीं थम रही सियासत, पूर्व CM भूपेश बघेल और PCC चीफ दीपक बैज का सरकार पर वार
उन्होंने आगे कहा कि International Day Of The World’s Indigenous Peoples की औपचारिक शुरुआत 9 अगस्त 1994 से हुई। उस समय भी कांग्रेस की सरकार थी। क्या आपने औपचारिक रूप से यह दिवस मनाया ? 2007 में भी आप ही की सरकार थी न, जब आपकी सरकार के प्रतिनिधि अजय मल्होत्रा ने UNDRIP पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत का स्पष्ट रुख है कि सभी नागरिक, जिनमें जनजातियां (Scheduled Tribes) भी शामिल हैं, वो भारत के मूलनिवासी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में कोई भी समुदाय को Indigenous या Non- Indigenous की श्रेणी में नहीं बांटा जा सकता। अब आपका रुख बदल गया है क्या ? भारत में आदिवासी समाज का इतिहास स्वर्णिम और गौरवपूर्ण रहा है।
अब नैरेटिव नहीं, तथ्यों पर बात हो: विकास मरकाम
मरकाम ने कहा कि समाज को भ्रमित करने के बजाए हमें अपने गौरव पुरुषों और उनकी विरासत को सम्मान देने के लिए एक दिन चुनना चाहिए़, जिसके लिए आजादी के अमृत महोत्सव काल में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के अनाम 75 जनजाति स्वतंत्रवीरों को नमन करते हुए लाल किला की प्राचीर से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा किया और यह दिन हमारे आदिवासी समाज के गौरवपूर्ण अतीत, उनके संघर्ष और योगदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। आपकी सरकारों ने तो एक परिवार की चाटुकारिता के चक्कर में हमारे स्वतंत्रवीरों के गौरवशाली इतिहास को ही गुमनामी के अंधेरे में डाल दिया था। अब समय नैरेटिव नहीं, बल्कि तथ्यों पर बात करने का है। (Vikas Markam on Congress)
लोगों को बरगलाने का काम कर रही कांग्रेस: मरकाम
विश्व आदिवासी दिवस को लेकर किए गए अपने पोस्ट पर मरकाम ने कहा कि साल 1994 में जब विश्व आदिवासी दिवस मनाने की शुरुआत हुई, उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन तत्कालीन सरकार ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए थे। मरकाम ने कहा कि 2007 में भी, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब एक अधिकारी ने आदिवासियों को मूल निवासी मानने से इनकार किया था। उन्होंने कहा कि आज जब आदिवासी अधिकारों और विश्व आदिवासी दिवस को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं तो कांग्रेस इस मुद्दे पर लोगों को बरगलाने का काम कर रही है। मरकाम ने कहा कि आदिवासी समाज से जुड़े विषयों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने के बजाय उनके अधिकारों और हितों पर गंभीरता से काम किया जाना चाहिए। मरकाम ने आगे कहा कि कांग्रेस को चुनाव हारने के बाद अचानक आदिवासियों की क्यों याद आ रही है। (Vikas Markam on Congress)



