शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में मनाया गया नागपंचमी उत्सव, परंपरा के साथ प्रकृति और जीव-जगत के संरक्षण का दिया संदेश
रायपुर। शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में नागपंचमी का पर्व हर्षोल्लास और रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाया गया। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने ब्लैकबोर्ड पर स्वयं भगवान शिव एवं नाग देवता के चित्र बनाकर पूजन-अर्चना की। बच्चों ने विभिन्न प्रकार के सांपों के चित्र बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन भी किया।
जिज्ञासा से ज्ञान तक, बच्चों ने समझा नागपंचमी का महत्व
शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू ने बताया कि बच्चे नागपंचमी पर्व को लेकर बेहद उत्साहित थे। कार्यक्रम के दौरान उन्हें पर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं के साथ-साथ सांपों के जैव विविधता में महत्व की जानकारी दी गई। सावन के दौरान सांपों के दिखाई देने की संभावना, सर्पदंश से बचाव तथा आसपास की घटनाओं के प्रति जागरूक रहने के उपाय भी बच्चों को बताए गए।

पौराणिक कथाओं से आगे प्रकृति को समझने की पहल
बच्चों को बताया गया कि बचपन में दादा-दादी और माता-पिता से सुनी जाने वाली सांपों एवं पौराणिक कथाओं के साथ अब वे इनके वास्तविक प्राकृतिक महत्व को भी समझें। नागपंचमी का पर्व जीव-जंतुओं के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण की भावना विकसित करने का अवसर भी प्रदान करता है।
परंपरा, खेल और पकवानों से जुड़ा पर्व
शिक्षक ने बताया कि पारंपरिक रूप से नागपंचमी के अवसर पर गांव-कस्बों में कुश्ती के दंगल भी आयोजित होते रहे हैं, जो बच्चों में खेल और शारीरिक क्षमता के प्रति रुचि जगाते हैं। वहीं दूध-सवैया, खीर, मालपुआ और चने की दाल जैसे पारंपरिक पकवान भी इस पर्व की विशेषता हैं। बच्चों ने अपने-अपने घरों में बनने वाले पकवानों की जानकारी साझा कर नई बातें सीखीं।
विद्यालय में आयोजित यह आयोजन बच्चों के लिए परंपरा, रचनात्मकता, प्रकृति-जागरूकता और सामाजिक सीख का सुंदर संगम बनकर सामने आया।
यह भी पढ़े :- फर्जी फोटो विवाद: FIR पर गरमाई सियासत, बैज ने बताया बदले की कार्रवाई, अरुण साव का पलटवार



