Google Analytics —— Meta Pixel

RAIPUR NEWS : बालकनी में कपड़े लेने गई मां करंट से चिपकी, बचाने पहुंचे बेटे की भी मौत

RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ नगर में बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई 54 वर्षीय महिला करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने पहुंचे 23 वर्षीय बेटे को भी बिजली का झटका लगा। हादसे में मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव निवासी कल्याणी यादव और उनके बेटे मधुसूदन यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है। कल्याणी अपने बेटे के साथ रायपुर में रह रही अपनी बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। (RAIPUR NEWS )

कपड़े लेने के दौरान करंट की चपेट में आई मां

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कल्याणी यादव बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थीं। कपड़े उतारने के दौरान उन्होंने जीआई पाइप को छुआ। इसी दौरान पाइप में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गईं और पाइप से चिपक गईं।

मां को करंट से चिपका देख उनका बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए पहुंचा। उसने मां को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी बिजली के संपर्क में आ गया। करंट का झटका लगने से दोनों की मौत हो गई।

कूलर से पाइप में करंट उतरने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विंडो कूलर से करंट जीआई पाइप में पहुंचा होगा। बताया गया है कि बालकनी में विंडो कूलर और रेलिंग के बीच कपड़े सुखाने के लिए जीआई पाइप लगाया गया था। इसी पाइप पर कपड़े सुखाए जा रहे थे।

आशंका है कि कूलर में विद्युत प्रवाह आने के बाद किसी तकनीकी खामी के चलते करंट पाइप तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों का पंचनामा कराया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कूलर से पाइप तक करंट कैसे पहुंचा और हादसे के पीछे किसी तरह की विद्युत तकनीकी खामी तो नहीं थी। (RAIPUR NEWS )

यह भी पढ़े :- IGKV पेपर लीक पर सियासी घमासान, बघेल बोले- BJP सरकार के सिस्टम में गड़बड़ी, कहीं न कहीं BJP से जुड़े लोग होंगे

Back to top button
error: Content is protected !!