Google Analytics —— Meta Pixel

मशीनों के बीच मौत का धुआं, NICU से ICU तक सुरक्षा पर सवाल, अस्पतालों में आग से सहमी जिंदगी

Fire in Hospitals 2026: महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के लगी आग ने अस्पतालों में फायर सेफ्टी और नवजातों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसा सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर हुआ। उस वक्त NICU में 39 नवजात भर्ती थे। आग और धुएं के बीच अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के मुताबिक NICU के तीन कंपार्टमेंट में से एक में 9 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से 3 नवजातों की मौत हो गई, जबकि बाकी 6 बच्चों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया।

यह भी पढे़ं:- अमरावती NICU अग्निकांड पर एक्शन, CM फडणवीस ने दिए हाईलेवल जांच के आदेश, मृतक बच्चों के परिवारों को 5-5 लाख का मुआवजा

शुरुआती जांच में NICU में लगे वेंटिलेटर के अंदर धमाके के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। NICU के AC में भी ब्लास्ट की आशंका सामने आई है। हालांकि आग की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। आग की वजह से NICU में रखे कई मेडिकल उपकरण जल गए। हादसे के बाद यूनिट के अंदर रखे सामान पर आग और धुएं के निशान साफ नजर आए। घटना के बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अमरावती की घटना से महज दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के NICU में भी आग लगने की घटना हुई थी। शनिवार देर रात करीब 2 बजे वार्मर मशीन के फिलामेंट से निकली चिंगारी के बाद आग लगी थी। हादसे में तीन नवजात झुलस गए थे।

लगातार दो राज्यों के अस्पतालों में हादसा

अस्पताल स्टाफ ने फायर फाइटिंग उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया और बच्चों को प्राथमिक इलाज दिया। इसके बाद तीनों नवजातों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। इनमें एक बच्चे की हालत गंभीर थी और उसे सर्जरी की जरूरत थी। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि मृत बच्चे का जन्म हादसे से कुछ घंटे पहले ही हुआ था। लगातार दो राज्यों के अस्पतालों के NICU में हुई आग की घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जिन जगहों पर जिंदगी बचाने के लिए अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल होता है, वहां उन्हीं मशीनों और बिजली व्यवस्था से सुरक्षा का खतरा कितना बड़ा हो सकता है। (Fire in Hospitals 2026)

आखिर क्या होता है NICU ?

NICU यानी नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट नवजात बच्चों के लिए बनाया गया विशेष ICU होता है। यहां ऐसे बच्चों को 24 घंटे निगरानी और इलाज दिया जाता है, जिन्हें जन्म के बाद विशेष चिकित्सा सहायता की जरूरत होती है। आमतौर पर प्रीमैच्योर बच्चे, कम वजन वाले नवजात, सांस लेने में परेशानी वाले बच्चे, गंभीर संक्रमण से जूझ रहे नवजात और जन्म के बाद किसी तरह की गंभीर स्वास्थ्य जटिलता वाले बच्चों को NICU में रखा जाता है। NICU में हर समय कई महत्वपूर्ण मशीनें काम करती रहती हैं। इनमें शरीर का तापमान सामान्य रखने के लिए वार्मर और इन्क्यूबेटर, सांस लेने में मदद के लिए वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, हार्ट रेट और ऑक्सीजन लेवल की निगरानी करने वाले मॉनिटर शामिल होते हैं। इसके अलावा IV लाइन के जरिए दवाएं और फ्लूइड दिए जाते हैं, फीडिंग ट्यूब से दूध दिया जाता है और पीलिया से पीड़ित नवजातों के लिए फोटोथेरेपी की जाती है। यानी NICU ऐसा संवेदनशील मेडिकल जोन है जहां बिजली, ऑक्सीजन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और मेडिकल मशीनें लगातार काम करती रहती हैं।

इस साल अस्पतालों में आग की 4 बड़ी घटनाएं

यही वजह है कि यहां आग लगने की स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। नवजात खुद चलकर या रेंगकर सुरक्षित जगह तक नहीं पहुंच सकते। कई बच्चे वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट या अन्य उपकरणों पर निर्भर होते हैं। ऐसे में आग लगने पर कुछ मिनट भी बेहद अहम हो जाते हैं। अमरावती और छिंदवाड़ा की घटनाएं अकेली नहीं हैं। इस साल देश के अलग-अलग हिस्सों में अस्पतालों में आग की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। 16 मार्च को ओडिशा के कटक SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा ICU में आग लगी थी। घटना में 10 मरीजों की मौत हो गई थी। जबकि 11 स्टाफ घायल हुए थे। शुरुआती तौर पर शॉर्ट-सर्किट की आशंका जताई गई थी। फरवरी में उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक निजी नर्सिंग होम के NICU में वार्मर मशीन में आग लगने से नवजात बच्ची की मौत हो गई थी।

20 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में किया गया था शिफ्ट

जांच में NICU के पास वैध अनुमति नहीं होने और फायर एक्सटिंग्विशर की अवधि खत्म होने की बात सामने आई थी। मई में महाराष्ट्र के नागपुर में दागा मेमोरियल सरकारी महिला अस्पताल के SNCU में बिजली की स्पार्किंग के बाद धुआं और आग की स्थिति बनी। वहां मौजूद 10 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि 6 बच्चों को दूसरे NICU में शिफ्ट किया गया। इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई। 4 जून को बिहार के मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल के ICU में भीषण आग लगी। शुरुआती रिपोर्ट्स में 4 मरीजों की मौत बताई गई थी, जबकि बाद की रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 5 से 6 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई। करीब 20 मरीजों को ICU से निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। (Fire in Hospitals 2026)

सवाल सिर्फ आग लगने का नहीं, तैयारी का भी है

अस्पतालों में आग लगने की घटनाओं में कभी शॉर्ट-सर्किट, कभी वार्मर और कभी दूसरे मेडिकल उपकरणों को संभावित वजह बताया जाता है, लेकिन हर घटना के बाद एक बड़ा सवाल सामने आता है कि क्या अस्पतालों में फायर सेफ्टी के इंतजाम पर्याप्त हैं ? खासकर NICU, ICU और SNCU जैसे संवेदनशील यूनिट में जहां मरीज खुद सुरक्षित जगह तक नहीं जा सकते, वहां फायर अलार्म, फायर एक्सटिंग्विशर, पर्याप्त निकासी मार्ग, प्रशिक्षित स्टाफ और नियमित इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट बेहद महत्वपूर्ण हैं। अमरावती की घटना में तीन नवजातों की मौत और छिंदवाड़ा में एक नवजात की मौत ने इस मुद्दे को फिर सामने ला दिया है। अब जांच सिर्फ यह पता लगाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए कि आग कैसे लगी, बल्कि यह भी देखा जाना जरूरी है कि आग लगने के बाद बचाव के इंतजाम कितने प्रभावी थे और क्या अस्पतालों में ऐसे हादसों से निपटने की नियमित तैयारी की जाती है।

Back to top button
error: Content is protected !!