Google Analytics —— Meta Pixel

डोंगरगढ़ में फिर दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल होने से बढ़ी वन्यजीव सुरक्षा की चिंता

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ के प्रज्ञागिरी पहाड़ पर एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने से इलाके में चर्चा तेज हो गई है। तेंदुए का करीब 1 मिनट 32 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता है, वहीं तेंदुए की सुरक्षा और उसके प्राकृतिक रहवास को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

डोंगरगढ़ और खैरागढ़ क्षेत्र के जंगलों में लंबे समय से तेंदुओं की मौजूदगी सामने आती रही है। समय-समय पर तेंदुओं के दिखाई देने की घटनाएं होती हैं। हालांकि, मानव-वन्यजीव संघर्ष के साथ अवैध शिकार की घटनाएं भी वन विभाग के लिए चुनौती बनी हुई हैं। पूर्व में तेंदुए की खाल और नाखून के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के मामले भी सामने आ चुके हैं।

तेंदुए की लोकेशन वायरल होना चिंता का विषय

तेंदुआ नजर आने के बाद उसका वीडियो और लोकेशन सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होना वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से चिंता का विषय माना जा रहा है। लोकेशन सार्वजनिक होने से बड़ी संख्या में लोग तेंदुए को देखने या उसका वीडियो बनाने के लिए जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में पहुंच सकते हैं।

इससे तेंदुए के प्राकृतिक व्यवहार में खलल पड़ने के साथ उसके लिए खतरा भी बढ़ सकता है। वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों का मानना है कि जंगली जानवरों की सटीक लोकेशन सार्वजनिक करने से बचना चाहिए, ताकि उनकी सुरक्षा प्रभावित न हो।

निगरानी और एंटी-पोचिंग व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत

डोंगरगढ़-खैरागढ़ के जंगल जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में तेंदुओं समेत अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, कैमरा ट्रैप और एंटी-पोचिंग निगरानी को मजबूत करने की जरूरत है।

साथ ही जंगलों में बढ़ती आवाजाही, ट्रैकिंग और पर्यटन गतिविधियों के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए नियमों का सख्ती से पालन जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, पर्यटन से ज्यादा प्राथमिकता वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास और सुरक्षित वातावरण को दी जानी चाहिए।

सवाल सिर्फ एक तेंदुए की सुरक्षा का नहीं

डोंगरगढ़ क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। ऐसे में हर बार तेंदुआ नजर आने के बाद सक्रियता बढ़ाने के बजाय वन्यजीव संरक्षण के लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत है।

मानव-वन्यजीव संघर्ष, अवैध शिकार और जंगलों में बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए डोंगरगढ़-खैरागढ़ क्षेत्र में दीर्घकालीन संरक्षण योजना, बेहतर निगरानी और प्राकृतिक रहवास की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इससे तेंदुओं के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य वन्यजीवों को भी सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!