Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी ने फिर की सोना न खरीदने की अपील, जानिए क्या है इसके पीछे की वजह

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को देश की अर्थव्यवस्था और 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर का जिक्र करते हुए देशवासियों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि यदि सोने की जरूरत न हो तो उसकी खरीदारी नहीं करनी चाहिए। इससे पहले प्रधानमंत्री ने 11 मई को भी लोगों से सोने की खरीदारी कम करने की अपील की थी।

7.8% GDP ग्रोथ पर देशवासियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर को देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक शक्ति का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद भारत ने मजबूत विकास दर हासिल की है।

पीएम मोदी ने देश को इसी रफ्तार से आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने विदेश यात्राओं और विदेश में शादियों पर होने वाले खर्च को कम करने की भी अपील की।

सोने की खरीदारी कम करने पर क्यों दिया जोर?

भारत अपनी घरेलू जरूरत का करीब 99 प्रतिशत सोना आयात करता है। सोना खरीदने के लिए देश को विदेशी मुद्रा में भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में सोने का आयात बढ़ने पर डॉलर की मांग भी बढ़ती है।

आर्थिक नजरिए से देखें तो सोने का आयात कम होने पर विदेशी मुद्रा पर दबाव घट सकता है। इससे डॉलर की मांग कम होने और रुपये को मजबूती मिलने में मदद मिल सकती है। रुपये में मजबूती आने पर कच्चे तेल और अन्य आयातित वस्तुओं की लागत कम हो सकती है, जिससे महंगाई को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।

कम सोना खरीदा, फिर भी बढ़ा आयात बिल

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने पिछले कारोबारी वर्ष की तुलना में करीब 4.76 प्रतिशत कम सोना आयात किया, लेकिन सोने के आयात पर होने वाला खर्च करीब 24 प्रतिशत बढ़ गया। इसकी प्रमुख वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी रही।

इससे साफ है कि सोने की मात्रा कम होने के बावजूद कीमत बढ़ने पर देश का आयात बिल बढ़ सकता है।

फिजिकल गोल्ड की जगह ETF का विकल्प

निवेश के लिहाज से फिजिकल गोल्ड यानी आभूषण, सिक्के या बिस्किट के अलावा गोल्ड ETF जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। ETF में निवेश करने पर सोने को घर या लॉकर में रखने की जरूरत नहीं होती, जिससे चोरी या लॉकर शुल्क जैसी परेशानियां नहीं रहतीं।

हालांकि, किसी भी निवेश विकल्प को चुनने से पहले उसके जोखिम, लागत और रिटर्न को समझना जरूरी है।

आत्मनिर्भर भारत पर PM का जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जाएगा, भारत उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।

यह भी पढ़े :- SCO समिट में PM मोदी की कूटनीतिक मैराथन, पुतिन-पेजेशकियान समेत 4 नेताओं से मुलाकात, मिडिल ईस्ट से BRICS तक अहम मुद्दों पर चर्चा

Back to top button
error: Content is protected !!