वंदे मातरम पर फिर गरमाई सियासत, CM उमर अब्दुल्ला बोले- कानून की बाध्यता करनी होगी पूरी, बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा
Omar on Vande Mataram: वंदे मातरम को लेकर देश में जारी सियासी बहस एक बार फिर तेज हो गई है। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राष्ट्रीय गीत को लेकर कानून बना है। वंदे मातरम के सभी छंद आवश्यक बन गए हैं। ये सिर्फ जम्मू कश्मीर के लिए नहीं, पूरे देश के लिए है। पूरे देश में सरकारी कार्यक्रमों में यही होगा। अगर नहीं होगा तो कार्रवाई होगी। आज भी अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव समापन समारोह में राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत होगा। हमने पार्टी के तौर पर कभी वंदे मातरम को नहीं अपनाया है, आगे भी नहीं अपनाएंगे, लेकिन कानून बाध्यता हमें पूरी करनी होंगी। वहीं कल नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता शेख बशीर ने कहा था कि जिसे इसके दो छंद पसंद हैं, वह दो गाए और जिसे चार पसंद हैं, वह चार गाए, लेकिन किसी पर भी इसे जबरन थोपा नहीं जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- भारत को मिल सकता है रूस के पांचवीं पीढ़ी का घातक Su-57E, जानिए क्यों अहम है ये फाइटर ?
उन्होंने कहा था कि किसी भी चीज को फोर्स करने से उसकी अहमियत खत्म हो जाती है। आज हम जो वंदे मातरम् पर बहस करते हैं, हम 2026 में जी रहे हैं। भाजपा वाले उन मसलों को खड़ा कर देते हैं, जो वास्तव में होते नहीं हैं। भाजपा ने वंदे मातरम् का मसला खड़ा किया। संसद से पास करवाया। बहुत से लोगों को पता ही नहीं कि वंदे मातरम की भाषा का वास्तविक अर्थ क्या है। मेरा मानना है कि चाहे कांग्रेस हो, बीजेपी हो या कोई अन्य दल, वंदे मातरम् की इस व्यर्थ बहस को अब समाप्त कर देना चाहिए। जिसे आता है वह गाए, जिसे नहीं आता वह न गाए। इसे केवल एक गीत के रूप में देखा जाना चाहिए। उदाहरण के तौर पर, मोहम्मद रफी बहुत बेहतरीन गाते थे, लेकिन हर व्यक्ति उनकी तरह नहीं गा सकता। गीत को गीत के हिसाब से देखो। (Omar on Vande Mataram)

वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि 1937 में एक प्रकरण आया था। महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और मौलाना अबुल कलाम आजाद ने रवींद्रनाथ टैगोर को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने वंदे मातरम का जो स्वरूप दिया, उसी को लेकर हमने वंदे मातरम् का नारा लगाया और यह नारा लगाते हुए हम अंग्रेजों से लड़ गए थे। भाजपा की पार्टी ने मुस्लिम लीग के साथ सरकार बनाई थी। इन्हीं की पार्टी ने पत्र लिखकर अंग्रेजों की फौज में जाने का आह्वान किया था। कांग्रेस के इतिहास को चुनौती कभी मत देना। हमें कांग्रेस के इतिहास पर नाज है। इस पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि संपूर्ण वंदे मातरम गाने के मुद्दे पर अपने सभी गठबंधन सहयोगियों से पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुकी कांग्रेस जिसके साथ अब सिर्फ मुस्लिम लीग रह गई है, उसने अब अपनी राज्य सरकारों की ओर से एक गैर-कानूनी काम करवाने की शुरुआत की है। (Omar on Vande Mataram)
वंदे मातरम पर सियासत जारी
सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने एक आदेश जारी किया कि संसद से पारित कानून के बावजूद कर्नाटक में केवल वंदे मातरम के प्रथम दो पद ही गाए जाएंगे। हर भारतीय नागरिक को पता है कि संसद से पारित कानून के विरुद्ध कोई राज्य विधानसभा का कानून भी नहीं हो सकता है और कोई राज्य सरकार आदेश के द्वारा तो संसद के कानून के विरुद्ध तो जा ही नहीं सकती है। यह न सिर्फ गैर-कानूनी है, हासास्यपद है बल्कि कांग्रेस के अंदर के असली चरित्र को दिखाता है कि ये संविधान को अपनी जेब में रखना चाहते हैं। वंदे मातरम को लेकर सामने आए इन बयानों से एक बार फिर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। एक तरफ उमर अब्दुल्ला ने कानून की बाध्यता मानने की बात कही है, लेकिन साथ ही पार्टी की अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट की है। वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता शेख बशीर जबरन थोपे जाने का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम की भूमिका को सामने रखकर भाजपा पर पलटवार कर रही है, जबकि भाजपा इसे संसद से जुड़े कानून और उसके पालन का मुद्दा बना रही है। ऐसे में अब बहस सिर्फ राष्ट्रगीत के गायन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसके साथ कानून, संविधान, इतिहास और राजनीतिक विचारधारा भी जुड़ गई है।




