वंदे मातरम पर कर्नाटक सरकार के फैसले से भड़के शिवराज, कांग्रेस पर साधा निशाना

Shivraj Singh Chouhan : कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम को लेकर कानून बनाया गया है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और यह भारत माता का अपमान है।
शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में केंद्र और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया।
छत्तीसगढ़ में रोज बन रहे करीब 1600 आवास
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है और प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
शिवराज ने बताया कि प्रदेश में गरीब परिवारों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन करीब 1600 मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री को भी आवासों की स्वीकृति के प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण सड़कों से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी है।
मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का किया जिक्र
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
BRICS को लेकर भी कांग्रेस पर साधा निशाना
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया की करीब आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों का एक मंच पर आना महत्वपूर्ण है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश की प्रतिष्ठा और विकास पर सवाल उठाने के बजाय देश की प्रगति पर खुश होना चाहिए। (
Shivraj Singh Chouhan)



