नारा साहू समाज भवन में 4 लाख के बाउंड्रीवॉल निर्माण का भूमिपूजन
वतन अंगनाथ चन्द्राकर की पहल से मिली स्वीकृति, सम्मान कर जताया आभार; निर्माण से परिसर को मिलेगा सुरक्षित और व्यवस्थित स्वरूप

रायपुर । आरंग ब्लॉक के ग्राम पंचायत नारा स्थित साहू समाज भवन परिसर में सोमवार को 4 लाख रुपए की लागत से बनने वाले बाउंड्रीवॉल (आहता) निर्माण कार्य का विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया गया। निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने पर साहू समाज एवं ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य वतन अंगनाथ चन्द्राकर का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। स्वीकृति के बाद समाजजनों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।

भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि महेश साहू, सरपंच प्रतिनिधि रितेश जांगड़े, उपसरपंच द्रोण चन्द्राकर, प्रहलाद चन्द्राकर सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
लंबे समय से थी बाउंड्रीवॉल की जरूरत
साहू समाज भवन परिसर में लंबे समय से बाउंड्रीवॉल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार आहता नहीं होने के कारण परिसर की सुरक्षा एवं साफ-सफाई बनाए रखने में परेशानी होती थी। अब 4 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल निर्माण होने से परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्वरूप मिलने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
‘गांव का विकास सामाजिक परिसरों के विकास से भी जुड़ा है’ — वतन चन्द्राकर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य वतन अंगनाथ चन्द्राकर ने कहा कि गांव का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। सामाजिक परिसरों का विकास भी गांव की जरूरत और सामाजिक एकजुटता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि साहू समाज परिसर में बनने वाला बाउंड्रीवॉल परिसर की सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थित उपयोग के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि गांवों की सबसे बड़ी ताकत आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़ा होना है। विकास का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नारा में सामाजिक सुविधाओं के विस्तार के लिए जो भी जरूरी प्रयास होंगे, उसमें हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
भूमिपूजन के बाद बांटी मिठाई, दिखा उत्साह
निर्माण कार्य की शुरुआत को लेकर साहू समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भूमिपूजन के बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। ग्रामीणों ने बाउंड्रीवॉल निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र के सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



