शांति की दिशा में हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi Tusk Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क की दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाकात हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा के लिए बातचीत की। साथ ही संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। PM मोदी ने कहा कि पोलैंड के प्रधानमंत्री का भारत में हार्दिक स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। 2024 में मेरी पोलैंड यात्रा के दौरान उन्होंने मेरा और मेरे डेलिगेशन का आत्मीय स्वागत किया था। उस यात्रा में हमने अपने संबंधों को स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया। इसी मजबूत आधार पर पिछले दो सालों में हमारी साझेदारी ने नई गति पकड़ी है और आज प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में हमने अपनी स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
यह भी पढ़ें:- बातचीत बंद करने पर भड़का युवक, कॉलेज छात्रा को किडनैप करने और तेजाब फेंकने की धमकी
उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड की मित्रता केवल कूटनीतिक संबंधों पर नहीं, बल्कि मानवता और संवेदना की साझी विरासत पर आधारित है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जामनगर और कोल्हापुर के राजपरिवारों ने पोलैंड के हजारों बच्चों और परिवारों को भारत में आश्रय दिया था। आज भी पोलैंड के लोग जाम साहब को बड़े सम्मान से दोब्री महाराजा यानी गुड महाराजा के नाम से याद करते हैं। 2022 में यूक्रेन से हमारे स्टूडेंट्स की सुरक्षित वापसी में सहयोग देकर पोलैंड ने भी मानवता की इसी भावना को आगे बढ़ाया था। मुझे खुशी है कि जाम साहब यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के माध्यम से पोलैंड के युवा भारत आ रहे हैं और हमारी ऐतिहासिक मित्रता को नई पीढ़ी तक ले जा रहे हैं। आज विश्व अनिश्चितता और बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में भी भारत और पोलैंड दोनों ही ग्रोथ, टेक्नॉलजी और इनोवेशन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। (PM Modi Tusk Meeting)

PM मोदी ने कहा कि पिछले साल पोलैंड की GDP ने एक ट्रिलियन डॉलर का ऐतिहासिक पड़ाव पार किया। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। वहीं भारत ने भी पिछले क्वार्टर में 7.8% की शानदार ग्रोथ दर्ज की है। हमारी बढ़ती आर्थिक ताकत ने भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा किए हैं और भारत-यूरोपियन यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट ने इन अवसरों को और व्यापक बनाया है। इस समझौते के लागू होने पर भारत से पोलैंड को मशीनरी, केमिकल्स, प्लास्टिक्स और इंजीनियरिंग गुड्स के निर्यात के नए अवसर खुलेंगे। साथ-ही रेलवे और मोबिलिटी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग और बायो-टेक जैसे क्षेत्रों में हम पोलैंड से नए निवेश आकर्षित करेंगे। मुझे विशेष खुशी है कि प्रधानमंत्री एक बड़े बिज़नेस डेलिगेशन के साथ भारत आए हैं। हमें विश्वास है कि दोनों देशों की कंपनियां मिलकर विश्व के लिए ट्रस्टेड सप्लाई चेन्स विकसित करेंगी और 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के हमारे साझा लक्ष्य को भी साकार करेंगी।

उन्होंने कहा कि आज हमने डिफेन्स, स्पेस और न्यूक्लियर एनर्जी में संबंधों को प्रगाढ़ करने पर सहमति बनाई है। इन सभी स्ट्रैटीजिक क्षेत्रों में हम पोलैंड की कम्पनीज़ को भारत के साथ को-डेवलपमेंट औरको-प्रोडक्शन करने के लिए आमंत्रित करते हैं। क्रिटिकल मिनरल्स और कोल गैसिफिकेशन में भी हम पोलैंड की एक्स्पर्टीज को साथ लेकर नई साझेदारियां विकसित करेंगे। IT और साइबर सिक्योरिटी में हमारे संबंध पहले से ही मजबूत हैं। कई भारतीय IT कम्पनीज पोलैंड में काम कर रही हैं। इस सहयोग को आगे बढ़ाते हुए हमने भारत-पोलैंड स्टार्ट-अप ब्रिज स्थापित करने पर सहमति बनाई है। हम दोनों देशों के युवाओं के बीच टेक्नॉलजी हैकाथॉन भी आयोजित करेंगे। इन पहलों से AI, साइबर, फिन-टेक और अन्य इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज में हमारे सहयोग को नई गति मिलेगी और दोनों देशों के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। भारत शांति की दिशा में किए गए हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा। (PM Modi Tusk Meeting)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल्चरल और पीपल-टू-पीपल टाइज हमारे संबंधों की सबसे बड़ी ताकत हैं। हमें बहुत खुशी है कि पोलैंड में संस्कृत अध्ययन और इंडोलॉजी की समृद्ध परंपरा है। क्राकोव शहर में हमने इंडियन स्टडीज चेयर की स्थापना की है। आज हमने कल्चर और एजुकेशन, और साथ-साथ स्पोर्ट्स और टुरिज़म में भी सहयोग को और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया है। आज हमने रीजनल और ग्लोबल डेवलपमेंट्स पर भी विस्तार से चर्चा की। भारत और पोलैंड, दोनों डेमॉक्रैटिक वैल्यूस और रूल ऑफ लॉ में विश्वास रखते हैं। हमारा मानना है कि ग्लोबल गवर्नेंस इंस्टीट्यूशंस को ज्यादा सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए रिफॉर्म आवश्यक है। यूक्रेन हो या पश्चिमी एशिया, भारत शांति की दिशा में किये गए हर सार्थक प्रयास का समर्थन करता रहेगा। हमारे साझा इतिहास में मानवता और संवेदना की गहरी छाप है। हमारे साझा भविष्य में इनोवेशन और टेक्नॉलजी सहयोग की असीम संभावनाएं हैं। (PM Modi Tusk Meeting)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आपकी इस यात्रा से भारत-पोलैंड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को नई ऊर्जा और नई ऊंचाई मिलेगी। बता दें कि पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने आज भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। भारत-पोलैंड द्विपक्षीय संबंधों पर विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा कि दोनों पक्ष गोपनीय जानकारी की सुरक्षा और आदान-प्रदान, महत्वपूर्ण खनिजों, अभिलेखीय सहयोग, तथा संस्कृति, विज्ञान और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग से जुड़े समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रहे हैं। पोलैंड यूरोपीय संघ (EU) का एक महत्वपूर्ण सदस्य है। दोनों पक्षों ने भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते, EU के नए रणनीतिक एजेंडे, सुरक्षा और रक्षा साझेदारी समेत मोबिलिटी फ्रेमवर्क का स्वागत किया है, जो भारत-पोलैंड संबंधों को और गहरा करेंगे।



