Google Analytics —— Meta Pixel

पहले पति की हत्या में काटी उम्रकैद, अब दूसरे पति को भी उतारा मौत के घाट, कुल्हाड़ी से वार कर पूर्व सरपंच की हत्या

Wife Kills Second Husband: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में घरेलू विवाद के चलते पूर्व सरपंच की हत्या का मामला सामने आया है। केशकाल थाना क्षेत्र के अरंडी गांव के खासपारा में 1 नवंबर की रात गोविंद नेताम (49) की घर के अंदर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी फगनी नेताम (48) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पैसों की मांग और चरित्र पर शक को लेकर अक्सर विवाद होता था। विवाद बढ़ने पर महिला ने कुल्हाड़ी से गोविंद के सिर और गले पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इस हत्याकांड में चौंकाने वाला पहलू यह है कि आरोपी महिला इससे पहले भी अपने पहले पति की हत्या कर चुकी है। साल 2011 में पहले पति की हत्या के मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। करीब 10 साल जेल में रहने के बाद बाहर आई फगनी की मुलाकात गोविंद नेताम से हुई थी। करीब तीन साल पहले दोनों साथ रहने लगे थे।

यह भी पढ़ें:- न्यायधानी बिलासपुर में महिला की जलती चिता से छेड़छाड़, अघोरी बाबा की बेरहमी से पिटाई

पुलिस के मुताबिक गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मुलाकात नारायणपुर जिले के ताड़ोकी क्षेत्र की रहने वाली फगनी नेताम से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए। करीब तीन साल पहले गोविंद ने फगनी को चूड़ी पहनाकर पत्नी के रूप में अपने साथ रखा था। इसके बाद दोनों कोंडागांव जिले के अरंडी गांव में रहने लगे। शुरुआत में दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन कुछ समय बाद उनके बीच विवाद होने लगे। पुलिस के अनुसार गोविंद को फगनी के चरित्र पर शक था, जबकि फगनी बार-बार उससे पैसों की मांग करती थी। इन्हीं बातों को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। (Wife Kills Second Husband)

रात 8 से 11:30 बजे के बीच हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि 1 नवंबर की रात करीब 8 बजे से 11:30 बजे के बीच दोनों के बीच पैसों की मांग को लेकर विवाद हुआ था। पड़ोस में रहने वाले राजमन नेताम और उसके परिवार के सदस्यों ने भी झगड़े और महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी थी। पुलिस के मुताबिक घटना की रात दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि फगनी ने कुल्हाड़ी से गोविंद के सिर और गले पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी महिला घर से फरार हो गई। 2 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे केशकाल थाने को सूचना मिली कि अरंडी खासपारा निवासी गोविंद नेताम की हत्या हो गई है और उसका शव घर के कमरे में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रितेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। (Wife Kills Second Husband)

घटना के बाद फरार हुई महिला, बेडमा से गिरफ्तार

मृतक के भाई मोहन नेताम (60) ने पुलिस को बताया कि गोविंद ने करीब तीन साल पहले फगनी को चूड़ी पहनाकर पत्नी के रूप में अपने साथ रखा था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को मृतक के सिर, कनपटी, माथे, कंधे और सीने पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर केशकाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पत्नी फगनी नेताम की भूमिका संदिग्ध पाई गई। घटना के बाद से उसके घर से गायब होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला को बेडमा से पकड़ लिया। पूछताछ और जांच में हत्या में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। (Wife Kills Second Husband)

पहले पति की हत्या में हुई थी उम्रकैद

पुलिस के मुताबिक आरोपी फगनी नेताम का पहले भी हत्या के मामले में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। साल 2011 में उसने अपने पहले पति की हत्या की थी। पहले पति के साथ अनबन और विवाद के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। बताया गया कि वह करीब 10 साल जेल में रही। जेल से बाहर आने के बाद उसकी मुलाकात गोविंद नेताम से हुई और दोनों साथ रहने लगे। फिलहाल दूसरे पति गोविंद नेताम की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, लेकिन इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पैसों की मांग और आपसी शक का विवाद इतना बढ़ा कि बात हत्या तक पहुंच गई? एक ऐसा मामला, जिसमें पहले पति की हत्या के बाद अब दूसरे पति की हत्या का आरोप भी उसी महिला पर लगा है।

Back to top button
error: Content is protected !!