Google Analytics —— Meta Pixel

भाजपा विधायक आशाराम नेताम का WhatsApp अकाउंट हैक, परिचितों से मांगे जा रहे पैसे; विधायक ने जारी किया वीडियो

Kanker MLA WhatsApp Hacked :  छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का खतरा अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों तक पहुंच गया है। कांकेर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक आशाराम नेताम साइबर हैकर्स के निशाने पर आ गए हैं। हैकर्स ने उनका आधिकारिक WhatsApp अकाउंट हैक कर लिया है और उनके संपर्क में रहने वाले लोगों, समर्थकों व परिचितों को मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की जा रही है।

विधायक ने वीडियो जारी कर दी जानकारी

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक आशाराम नेताम ने वीडियो जारी कर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक WhatsApp नंबर हैक कर लिया गया है। इस नंबर से लोगों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। विधायक ने स्पष्ट किया कि उनके नाम और नंबर से आने वाले ऐसे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें। (Kanker MLA WhatsApp Hacked)

पैसे भेजने से पहले बरतें सावधानी

विधायक ने क्षेत्र की जनता, समर्थकों और परिचितों से अपील की है कि उनके WhatsApp नंबर से आने वाले किसी भी संदेश के आधार पर आर्थिक लेन-देन न करें। किसी भी तरह की रकम ट्रांसफर करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि जरूर कर लें।

पुलिस में शिकायत, साइबर सेल ने शुरू की जांच

इस साइबर घटना को लेकर विधायक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद साइबर सेल ने जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि WhatsApp अकाउंट किस तरह हैक किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

विधायक के आधिकारिक नंबर से पैसे मांगने की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की जा रही है। (Kanker MLA WhatsApp Hacked)

Back to top button
error: Content is protected !!