मेजबान पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी से हुआ बाहर, सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के 6वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की है, जिसके बाद न्यूजीलैंड और भारत ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में पहुंच गई है। वहीं मेजबान पाकिस्तान और बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। दरअसल, 24 फरवरी को पाकिस्तान के रावलपिंडी में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। बांग्लादेश ने 9 विकेट खोकर 236 रन बनाए, जिसे न्यूजीलैंड ने 46.1 ओवर में हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने सेंचुरी लगाई। वहीं माइकल ब्रेसवेल ने 4 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें:- Russia-Ukraine War : संयुक्त राष्ट्र में रूस के पक्ष में खड़ा हुआ अमेरिका, यूक्रेन का समर्थन करने से किया इनकार, पढ़े पूरी खबर
बता दें कि ग्रुप-ए में 4 टीमें हैं, जिसमें भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश शामिल है। एक टीम ग्रुप स्टेज में 3 मैच खेलेगी। भारत और न्यूजीलैंड ने 2-2 मैच जीतकर 4-4 पॉइंट्स हासिल कर लिए। इसके साथ ही दोनों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब दोनों टीमें आपस में आखिरी मैच खेलेंगी। इसे जीतने वाली टीम ग्रुप-ए में टॉप करेगी। वहीं पाकिस्तान और बांग्लादेश ने 2-2 मैच गंवा दिए हैं। दोनों के पास एक भी पॉइंट नहीं है। दोनों अब 27 फरवरी को आपस में इकलौता मैच खेलेंगे। इसे जीतने वाली टीम के पास 2 ही पॉइंट होंगे, जो भारत और न्यूजीलैंड से कम ही रहेंगे। ग्रुप-बी से ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान सेमीफाइनल पहुंचने की रेस है। ऐसा इसलिए क्योंकि ग्रुप-बी से सभी टीमों ने सिर्फ एक-एक मैच ही खेले हैं। (Champions Trophy 2025)

इधर, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 7वां मुकाबला आज यानी 25 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। मैच पाकिस्तान के रावलपिंडी स्टेडियम में दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार भिड़ेंगी। बारिश इस मैच में खलल डाल सकती है। रावलपिंडी में बारिश के 67% आसार हैं। दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में अपना-अपना पहला मैच जीतकर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड तो साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को हराया था। दोनों के 2-2 पॉइंट्स हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका बेहतर रन रेट की वजह से ग्रुप-बी के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। आज का मैच जीतने वाली टीम ग्रुप-बी में मजबूत स्थिति हासिल कर लेगी। ओवरऑल वनडे में साउथ अफ्रीका आगे है। दोनों टीमें 110 बार आमने-सामने हुई। इसमें साउथ अफ्रीका ने 55 और ऑस्ट्रेलिया ने 51 मैच जीते। 3 मैच टाई रहे। जबकि 1 मैच का नतीजा नहीं निकल पाया। (Champions Trophy 2025)




