अनमोल दृष्टि (एपिसोड-03): सत्ता, सिस्टम और सच, शासन और राजनीति के घटनाक्रमों पर एक नजर: अशोक कुमार साहू “पत्रकार”

अनमोल दृष्टि” (एपिसोड-03): आज रविवार, 21 जून 2026 को साप्ताहिक कॉलम “अनमोल दृष्टि” में आपका स्वागत है। सत्ता के गलियारों की हलचल, सिस्टम की कार्यशैली और जनहित से जुड़े मुद्दों पर हर सप्ताह एक संतुलित, तथ्यपरक और बेबाक नजर प्रस्तुत की जाएगी। हमारा प्रयास घटनाओं के पीछे छिपे संकेतों, चर्चाओं और प्रभावों को समझने का है। उद्देश्य किसी पर निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि जनसरोकारों से जुड़े उन विषयों को सामने लाना है जो शासन, प्रशासन और समाज के बीच संवाद को नई दिशा देते हैं। (Anmol Drishti Episode-03)
सत्ता, सिस्टम और सियासत की हलचलें
1. मुख्यमंत्री निवास की “रात्रिकालीन पाठशाला”
गुरुवार की रात्रि में मुख्यमंत्री निवास की रोशनी कुछ ज्यादा ही चमक रही थी। हाई लेवल बैठक की खबर बाहर आई तो सत्ता के गलियारों से लेकर राजनीतिक चौपालों तक अटकलों का बाजार गर्म हो गया। देर रात तक कई नेताओं, अफसरों और उनके शुभचिंतकों की नींद गायब रही। किसी को मंत्रिमंडल विस्तार दिखा, किसी को संगठन में बदलाव और किसी को अपनी कुर्सी हिलती नजर आई।
मध्य रात्रि में स्पष्टीकरण आया कि बैठक में प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल और उपलब्धियों पर चर्चा हुई। लेकिन तब तक चर्चा अपने लक्ष्य को प्राप्त कर चुकी थी। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कई बार बैठक का एजेंडा नहीं, बल्कि बैठक को लेकर पैदा हुई बेचैनी ज्यादा सुर्खियां बटोर लेती है।
2. सभी सेफ हैं… इसलिए बताना पड़ा
हाई लेवल बैठक के बाद एक मंत्री का बयान आया “सभी सेफ हैं।” अब राजनीति के जानकार पूछ रहे हैं कि अगर सब सचमुच सेफ थे तो यह बताने की जरूरत क्यों पड़ी?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सत्ता और संगठन में फेरबदल की चर्चाओं ने ऐसा माहौल बना दिया था कि “सेफ” शब्द से पहले “अनसेफ” बाजार में ज्यादा लोकप्रिय हो चुका था। फिलहाल सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन राजनीति में सुरक्षा प्रमाणपत्र की वैधता कितने दिन रहती है, यह समय ही तय करता है।
3. फेरबदल की आहट और मंत्री जी की बढ़ी सक्रियता
जब भी मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चा शुरू होती है, एक मंत्री महोदय अचानक जनता के बीच ज्यादा दिखाई देने लगते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि फेरबदल की हर अफवाह की शुरुआत उनके नाम से होती है और समाप्ति भी वहीं जाकर होती है।
इन दिनों उनके व्यवहार में भी उल्लेखनीय परिवर्तन देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं के फोन उठ रहे हैं, मुलाकातें बढ़ रही हैं और जनता से जुड़ाव का भाव भी पहले से अधिक प्रकट हो रहा है। लोकतंत्र की खूबसूरती भी यही है कि कभी-कभी सिर्फ चर्चा ही जनसंपर्क का सबसे प्रभावी माध्यम बन जाती है।
4. तबादलों का मानसून और कुर्सियों की यात्रा
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में तबादलों की लंबी सूची जारी हुई। कई अधिकारियों को पता चला कि उनका अगला पड़ाव वह जिला है, जहां वे कभी सरकारी प्रशिक्षण में भी नहीं गए थे।
सरकार में जून का महीना बारिश से कम और तबादलों से ज्यादा पहचाना जाता है। फर्क सिर्फ इतना है कि बारिश में बादल चलते हैं और शासन में कुर्सियां। दोनों की दिशा का अनुमान लगाना सामान्य लोगों के बस की बात नहीं।
5. हेल्पलाइन 1076 : अब शिकायतों का भी कॉलर ट्यून होगा
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू हो गई है। सरकार का दावा है कि अब जनता की समस्याएं सिर्फ सुनाई ही नहीं देंगी, बल्कि उनका समयबद्ध निराकरण भी होगा। एक कॉल पर शिकायत दर्ज होगी और उसकी निगरानी भी की जाएगी।
इस घोषणा के बाद कुछ दफ्तरों में हल्की-सी खामोशी और कुछ चेहरों पर अतिरिक्त गंभीरता देखी गई है। वजह साफ है “अब तक कई शिकायतें फाइलों, नोटशीटों और टेबलों के बीच लंबी यात्रा करती थीं, लेकिन अब उनका सफर डिजिटल निगरानी में होगा”। शिकायतों को “देख लेंगे” और “हो जाएगा” जैसे पारंपरिक आश्वासनों से आगे बढ़कर समाधान तक पहुंचाना होगा।
अब देखना यह है कि शिकायतों का नया सफर सिर्फ “दर्ज” होने तक सीमित रहता है या वास्तव में “समाधान” तक पहुंचता है। फिलहाल इतना तय है कि जनता की शिकायतों को भी अब अपना एक कॉलर ट्यून मिल गया है “और सिस्टम को उसे सुनना ही पड़ेगा”।
6. सुशासन का मौसम और अधिकारियों की परीक्षा
जनसुनवाई, हेल्पलाइन 1076, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान और लगातार फील्ड विजिट्स के जरिए सरकार ने साफ संकेत दे दिया है कि अब शासन सिर्फ एसी कमरों से नहीं चलेगा।
कई जिलों में अधिकारी जनता के बीच नजर आने लगे हैं। कुछ इसे प्रशासनिक सक्रियता मान रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह आने वाली “परफॉर्मेंस रिव्यू” का ट्रेलर है।
फिलहाल संदेश साफ है “अब फाइलों से ज्यादा फोकस फील्ड पर है और प्रस्तुतिकरण से ज्यादा महत्व परिणामों का’।
7. विधानसभा सत्र की घंटी और फाइलों की दौड़
13 जुलाई से विधानसभा का सत्र शुरू होना है। सत्ता पक्ष उपलब्धियों की सूची तैयार कर रहा है और विपक्ष सवालों की।
उधर कई विभागों में फाइलें ऐसी दौड़ रही हैं जैसे परीक्षा से एक रात पहले छात्र नोट्स खोजते हैं। अधिकारियों को भी पता है कि विधानसभा में पूछा गया एक सवाल कई बार महीनों की नींद उड़ा देता है। इसलिए फिलहाल सचिवालय में जवाब तैयार करने का मौसम चल रहा है। (Anmol Drishti Episode-03)
(डिस्क्लेमर : यह कॉलम सार्वजनिक चर्चाओं, प्रचलित राजनीतिक-प्रशासनिक घटनाक्रमों और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त संकेतों पर आधारित विश्लेषणात्मक प्रस्तुति है। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था की प्रतिष्ठा को प्रभावित, धूमिल करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े विषयों पर विमर्श को आगे बढ़ाना है।) (Anmol Drishti Episode-03)
यह भी पढ़ें : “अनमोल दृष्टि” (एपिसोड-02): सत्ता, सिस्टम और सच, शासन और राजनीति के घटनाक्रमों पर एक नजर: अशोक कुमार साहू “पत्रकार”
यह भी पढ़ें : “अनमोल दृष्टि” (एपिसोड-01): सत्ता, सिस्टम और सच, शासन और राजनीति के घटनाक्रमों पर एक नजर: अशोक कुमार साहू “पत्रकार”



