Google Analytics —— Meta Pixel

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हमला, अस्पताल में भर्ती

नांदेड़ : महाराष्ट्र के नांदेड़ में बुधवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक के तहत शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग सिख द्वारा जानलेवा हमला किया गया। यह घटना उस समय घटी जब बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिसर में किसी बात को लेकर हुई बहस के दौरान एक निहंग ने कृपाण निकालकर अचानक उन पर वार कर दिया। हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है। इस झड़प में उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की खबर है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

नांदेड़ पुलिस ने मामले पर बयान जारी करते हुए बताया कि हमले के तुरंत बाद संदिग्ध आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “गुरुद्वारा परिसर के अंदर पूर्व उपमुख्यमंत्री पर कृपाण से वार किया गया था। उनके हाथ में चोट आई है और उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा हमले के पीछे के असल कारणों का पता लगाया जा रहा है।”

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला

गौरतलब है कि यह सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा पर हुआ पहला हमला नहीं है। इससे पूर्व दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित पवित्र स्वर्ण मंदिर परिसर में भी उन पर गोली चलाई गई थी, जिसमें वे बाल-बाल बचे थे।

नांदेड़ पुलिस घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है तथा स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।

यह भी पढ़े :- राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में, 17 टोलियां परेड में होंगी शामिल

Back to top button
error: Content is protected !!