Google Analytics —— Meta Pixel

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में उतरी पूरी बीजेपी, इस्तीफे को बताया नैतिक फैसला, कहा- छात्रों की भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि

BJP on Dharmendra Pradhan: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह उनके समर्थन में खड़ी नजर आई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, किरेन रिजिजू, मनोहर लाल खट्टर, गिरिराज सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने इसे छात्रों और युवाओं की भावनाओं का सम्मान बताते हुए नैतिक जिम्मेदारी का उदाहरण कहा। नेताओं ने धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा क्षेत्र में योगदान, नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के सफल क्रियान्वयन और शिक्षा सुधारों की सराहना करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ट्वीट कर कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के तौर पर धर्मेंद्र प्रधान ने भारत के शिक्षा क्षेत्र में सुधार लाने और ऐतिहासिक राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) समेत अन्य पहलों को सफलतापूर्वक लागू करने में अहम भूमिका निभाई है।

यह भी पढ़ें:- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भावुक हुए CJP समर्थक, बोले- संघर्ष रंग लाया

नबीन ने कहा कि व्यापक हितों को प्राथमिकता देते हुए उनका पद छोड़ने का निर्णय सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा के उच्चतम मानदंडों को दर्शाता है। पार्टी इस निर्णय में धर्मेंद्र प्रधान जी के साथ मजबूती से खड़ी है। मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी मंत्री पद की जिम्मेदारी से हटने का फैसला किया है। छात्र आंदोलनों के साथ उनका लंबा जुड़ाव और शिक्षा मंत्री के तौर पर उनका योगदान, साथ ही अन्य कई जिम्मेदारियां हमेशा याद रखी जाएंगी। वे आगे भी देश की सेवा करते रहेंगे, उन्हें मेरी शुभकामनाएं। असली लीडरशिप की पहचान दशकों के काम से होती है और प्रधान जी का सफर सार्वजनिक जीवन और छात्रों के कल्याण के प्रति उनके आजीवन समर्पण का सबूत है।

युवा छात्रों को रखने के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा देखी: रिजिजू 

उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में उनके साथ काम करते हुए मैंने भारत के शिक्षा तंत्र को मजबूत करने और हर फैसले के केंद्र में लाखों युवा छात्रों को रखने के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा देखी है। इतने अहम सेक्टर का नेतृत्व करने के लिए बहुत ज़्यादा लगन की जरूरत होती है और उन्होंने इसे हिम्मत और साफ विजन के साथ अपनाया। धर्मेंद्र जी आपकी लगातार सेवा, सुधारों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और एक मजबूत भारत बनाने में आपके योगदान के लिए आपका धन्यवाद। मैं कामना करता हूं कि आप इसी जोश और ईमानदारी के साथ देश की सेवा करते रहें। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि युवाओं और छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और हमारी सरकार के लिए हमारे छात्रों और युवाओं की भावनाओं का सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिये प्रतिबद्धता सर्वोपरि हैं।

छात्रों की आवाज सुनी जाएगी: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने कहा कि NEET परीक्षा, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधारों को लेकर विद्यार्थियों के मन में जो भी चिंताएं हैं, उनका पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जा रहा है। छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनना, उनका समाधान सुनिश्चित करना और उनमें यह विश्वास बनाना कि उनकी आवाज सुनी जाएगी और उनकी सभी समस्याओं का समाधान होगा, यही हमारी प्राथमिकता है। मुझे विश्वास है कि अब हमारे युवा और विद्यार्थी पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई, अपने सपनों और अपनी आकांक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करेंगे और एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। केंद्रीय मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान जी का कार्यकाल भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के प्रति उनके समर्पण का परिचायक रहा है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान समावेशी, दूरदर्शी और नए भारत की आकांक्षाओं के अनुरूप रहा है।

सुखद अंत होना आवश्यक होता है: मंत्री खट्टर 

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बहुत से विषय ऐसे होते हैं, जिनके सुखद अंत होना आवश्यक होता है। युवाओं की महत्वता हम सभी को ध्यान में रखनी होती है कि युवा समाज में कोई गलत संदेश ना जाए। आज का युवक हमारे देश का निर्माता है। उनमें किसी प्रकार की धारणा बनी है, वह ठीक है या गलत, ये विषय नहीं है लेकिन उनकी भावना को ध्यान में रखते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने अगर ये निर्णय लिया है तो मैं उनकी सराहना करता हूं। अच्छा काम है, लेकिन इसमें से कोई ऐसा विषय नहीं निकलना चाहिए कि क्या सही है या क्या गलत। एक विषय सामने आया, जिसका अंत हुआ। इसे हार-जीत के नाते से नहीं देखना चाहिए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र की समृद्धि के लिए काम करती है। पहली बार जब छात्र अपनी मांगों को लेकर आए, उनके आने के बाद 1 महीने में ही न केवल परीक्षा आयोजित की गई, बल्कि लीक प्रूफ परीक्षा हुई, नतीजे भी आए। कुछ बाहरी ताकतों के कारण देश में एक अलग माहौल बनाने का प्रयास किया गया है।

प्रधान के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ: सरावगी 

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है। उनका योगदान नई शिक्षा नीति बनाने में रहा है। लेकिन दिल्ली में जैसे हालात बना दिए गए, विदेशी ताकतें वहां लग गईं, इसलिए उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है। धर्मेंद्र प्रधान का अमूल्य योगदान रहा है। हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने किसी दबाव में अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अच्छे परिवर्तन किए हैं। यह भारत के इतिहास की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मेरी सभी अभिभावकों से प्रार्थना है कि आप अपने बच्चों को आंदोलन में न डालिए। इस देश में सभी को मौका दीजिए। प्रधानमंत्री मोदी युवाओं से संवाद कर रहे हैं, जो पेपर लीक करेगा उस पर 10 करोड़ का जुर्माना लगेगा, उसके घर की ज़प्ती होगी और वह 10 सालों तक सलाखों के पीछे रहेगा।

युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प के लिए सबसे बड़ी शक्ति हैं: गौरव 

भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि जेन-जी और देश की युवा शक्ति देश के लिए विकसित भारत के संकल्प के लिए सबसे बड़ी शक्ति हैं। हम नहीं चाहते कि देश की ये शक्ति किसी भी भ्रम के कूचक्र में फंसें। देश विरोधी ताकतें इनके कंधों पर सवार होकर अपने राजनीतिक हाशिए ये बाहर निकलना चाहती हैं। इसलिए देश के शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया। सवाल ये उठता है कि 2018 से लेकर 2023 तक पेपर लीक की राजधानी जयपुर बन गया था। क्या उस समय राहुल गांधी ने तत्काल प्रदेश शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किया? क्या अशोक गहलोत को बर्खास्त करने का काम किया गया? हम नहीं चाहते कि भारत की प्रगति के विरोध की ताकतें, इस युवा शक्ति को भ्रम में डालकर उनकी शक्ति का दुरुपयोग करें। भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा कि हमारी पार्टी आदर्शों और नीति पर चलती है, जिन्होंने अपराध किया है, उसे दंड भी दिया गया है। कोई देश के खिलाफ एकजुट होकर इस आंदोलन का दुरुपयोग ना करे और जंतर-मंतर और विभिन्न स्थानों पर चल रहे प्रदर्शनों में ऐसे तत्वों को मौका ना मिले, इसलिए जिम्मेदारी के साथ धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया।

धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त करते हैं: जायसवाल 

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि हम धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त करते हैं कि पेपर लीक होने के एक महीने के अंदर ही NEET की परीक्षा दोबारा कराई गई। हम प्रधानमंत्री मोदी का भी धन्यवाद करते हैं कि पारदर्शी तरीके से पेपर कराकर समय पर रिज़ल्ट भी निकाल दिया गया। हम अपने युवाओं की इच्छा के अनुसार कार्य कर रहे हैं। भाजपा हमेशा उच्चतम पारदर्शिता का पालन करती है और आज अपने पद को त्यागकर धर्मेंद्र प्रधान ने श्रेष्ठ उदाहरण दिया है। भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि ये एक ऐसा विषय है, जिस पर मैंने खुद ज्यादा बात नहीं की, लेकिन मुझे बहुत कुछ समझने को मिला कि कई सारी बातें सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित रहती हैं, उसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं होता है। असल विषय कुछ ही दिनों का था, लेकिन उसे अलग रंग देने का प्रयास किया गया। हम धर्मेंद्र प्रधान के साथ हैं। उन्होंने इस्तीफा दिया है। उन्होंने छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। हम सभी कहीं न कहीं ये बात जानते हैं कि ये प्रदर्शन केवल छात्रों के लिए नहीं था।

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दुखदायी है: रामकृपाल यादव 

भाजपा सांसद रवींद्र नारायण बेहरा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया है। भारत की वर्तमान स्थिति ऐसी है कि बहुत सारी विदेशी शक्तियां देश के टुकड़े-टुकड़े करने में लगे हुए हैं। जेन-जी देश के गठन में कार्य करना चाहिए। धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया है। नई पीढ़ी अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे सके, इसलिए उन्होंने इस्तीफा दिया है। बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दुखदायी है। उन्होंने देश को बहुत कुछ दिया है… राष्ट्र हित और विद्यार्थियों के हित के लिए उन्होंने हर स्तर पर प्रयास किया है। आज वे शिक्षा मंत्री के पद पर नहीं रहे हैं, ये दुखद है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक दायित्व का निर्वहन सदैव निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ किया है।

उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं: CM साय

CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 सालों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधारों, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से त्यागपत्र देने का उनका निर्णय सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और सिद्धांतों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक है। राष्ट्रसेवा के उनके सतत प्रयास निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते रहें। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। (BJP on Dharmendra Pradhan)

Back to top button
error: Content is protected !!